Breaking News

25 साल फरार रहा यूट्यूबर सलीम वास्तिक गिरफ्तार, 13 वर्षीय बच्चे की हत्या का आरोपी; चौंकाने वाले खुलासे

Bolta Sach News
|
YouTuber Salim was absconding for 25 years
बोलता सच,गाजियाबाद : गाजियाबाद में खुद को ‘एक्स-मुस्लिम’ बताकर सोशल मीडिया पर सक्रिय यूट्यूबर सलीम वास्तिक की असलियत सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है। दिल्ली के एक कारोबारी के 13 वर्षीय बेटे के अपहरण और हत्या के मामले में दोषी सलीम करीब 25 साल से फरार चल रहा था और इस दौरान मेरठ, मुजफ्फरनगर व गाजियाबाद में छिपकर रह रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि सलीम वास्तिक ने अपनी पहचान छुपाकर सोशल मीडिया पर अलग छवि बना ली थी। इस दौरान वह अपने बयानों की वजह से काफी चर्चा में आ गया था और उसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ गई थी कि उसकी जिंदगी पर फिल्म बनाने की तैयारी भी चल रही थी। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि एक फिल्म निर्माता ने उससे संपर्क किया था और इसके लिए उसे करीब 15 लाख रुपये साइनिंग अमाउंट भी मिला था।

हमले के बाद बढ़ी लोकप्रियता

जानकारी के मुताबिक, फरवरी 2026 में उस पर हुए जानलेवा हमले के बाद उसकी लोकप्रियता और बढ़ गई थी। इस घटना के बाद कई संगठनों ने उसका समर्थन भी किया, जिससे वह और सुर्खियों में आ गया।

हत्या के मामले में उम्रकैद, फिर फरार

गौरतलब है कि सलीम वास्तिक को वर्ष 2000 में 13 वर्षीय बच्चे के अपहरण और हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। बाद में उसे जमानत मिली, लेकिन वह फरार हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपने गांव में अपनी मौत की झूठी खबर फैला दी। परिजनों ने भी लोगों को यही बताया कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हो चुकी है, जिससे पुलिस लंबे समय तक गुमराह होती रही।

पुश्तैनी मकान बेचने गया और पकड़ में आया

करीब 25 साल तक फरार रहने के बाद सलीम की एक गलती उसे भारी पड़ गई। दिसंबर 2025 में वह अपने पुश्तैनी मकान को बेचने के लिए गांव पहुंचा, जहां कुछ बुजुर्गों ने उसे पहचान लिया। बाद में जब पुलिस गांव पहुंची, तो एक व्यक्ति ने सलीम के जिंदा होने की जानकारी दे दी।

इसके बाद से पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल सलीम वास्तिक से पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क व अन्य गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply