Breaking News

देवरिया में नदी किनारे मिला युवक का शव, गोरखपुर में तैनात CHO की हुई पहचान; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Bolta Sach News
|
A young man was found on the river bank in Deoria.
बोलता सच,देवरिया : एकौना थाना क्षेत्र में नदी किनारे मिले युवक के शव की पहचान गोरखपुर में तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) के रूप में हुई है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय दिलीप कुमार पांडेय पुत्र वीरेंद्र नाथ पांडेय, निवासी सिकंदरपुर, थाना कलवारी, जिला बस्ती के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर शाम बेलवा दुबौली के पास नदी किनारे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव केवल अंडरवियर में था। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जांच के दौरान रविवार को शव की पहचान दिलीप कुमार पांडेय के रूप में हुई। वह गोरखपुर जनपद के ब्रह्मपुर ब्लॉक में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) के पद पर कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि 4 जून के बाद से दिलीप से उनका संपर्क नहीं हो पा रहा था। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला था।
शव की पहचान होने के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का कहना है कि दिलीप की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है और मामले की गहन जांच कर वास्तविक कारणों का पता लगाया जाना चाहिए।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पत्नी भी स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं और वर्तमान में बहराइच जिले में तैनात हैं।
पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी आपराधिक घटना का परिणाम है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इसे भी पढ़े : भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर बढ़ी सहमति, सकारात्मक रही उच्चस्तरीय वार्ता

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply