बोलता सच,गाजियाबाद : हरियाणवी लोक कलाकार और रागिनी गायक पेप्सी शर्मा का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह 40 वर्ष के थे। रविवार को सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मूल रूप से गाजियाबाद के निवाड़ी क्षेत्र के पतला गांव निवासी पेप्सी शर्मा का असली नाम यशपाल शर्मा था। वे हरियाणवी लोक कला और रागिनी गायन की दुनिया में एक लोकप्रिय और पहचान बनाने वाले कलाकार थे। एक गायन प्रतियोगिता में उन्होंने मशहूर डांसर सपना चौधरी को हराकर भी सुर्खियां बटोरी थीं।
सोमवार को उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में फैंस और शुभचिंतक पहुंचे। लोगों ने भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें अंतिम विदाई दी।
पेप्सी शर्मा हरियाणा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में भी स्टेज शो किया करते थे। वे गोशालाओं में आयोजित रागिनी प्रतियोगिताओं में नियमित रूप से हिस्सा लेते थे। मंच पर उनका मजाकिया अंदाज और कॉमिक टाइमिंग दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय था। उनकी प्रस्तुतियां अक्सर दर्शकों को हंसी और मनोरंजन से भर देती थीं।
उन्होंने कई बार हरियाणवी स्टेज परफॉर्मर सपना चौधरी के साथ भी मंच साझा किया था। एक वायरल वीडियो में उनके नागिन डांस परफॉर्मेंस को लाखों लोगों ने देखा, जिसे बाद में करोड़ों व्यूज मिले थे।
परिवार के अनुसार, पेप्सी शर्मा पांच भाइयों में चौथे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी, 10 वर्षीय बेटी और 7 वर्षीय बेटा है। उनका एक भाई शिक्षक है।
बड़े भाई बब्बू शर्मा ने बताया कि करीब 20 साल पहले पेप्सी ने बिना बताए गाना शुरू किया था। बाद में जब उनका कार्यक्रम टीवी पर प्रसारित हुआ तो परिवार को उनके कलाकार बनने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने लोक कला की दुनिया में लगातार अपनी पहचान मजबूत की।
महज 12 वर्ष की उम्र से रागिनी गायन की शुरुआत करने वाले पेप्सी शर्मा ने वर्षों तक मंच पर सक्रिय रहते हुए हरियाणवी लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दिया।
इसे भी पढ़े : भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर बढ़ी सहमति, सकारात्मक रही उच्चस्तरीय वार्ता
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































