बोलता सच,वाराणसी : वाराणसी दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश में लंबे समय तक महिलाओं को कमतर समझने की मानसिकता रही है और कई बार घरों में भी महिलाओं को “तू चुप रह, ये काम तुझसे नहीं होगा” जैसे ताने सुनने पड़ते हैं। पीएम मोदी ने इस सोच को विपक्षी दलों की मानसिकता बताया।
महिला अधिकारों पर विपक्ष पर हमला
प्रधानमंत्री ने कहा कि परिवारवादी पार्टियां महिलाओं के आगे बढ़ने से घबराती हैं, क्योंकि उन्हें अपनी सत्ता जाने का डर रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस जैसी पार्टियों ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल का विरोध किया। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा चिंता का विषय थी, लेकिन अब भाजपा सरकार में अपराधियों को पता है कि उनके साथ क्या कार्रवाई होगी।
महिलाओं के लिए योजनाओं का जिक्र
पीएम मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 2014 के बाद से महिलाओं के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि देश में 12 करोड़ से अधिक शौचालय बनाए गए, 30 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के बैंक खाते खोले गए, 2.5 करोड़ से अधिक घरों में बिजली कनेक्शन दिए गए और 12 करोड़ से ज्यादा घरों तक नल से जल पहुंचाया गया।
दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे पीएम
प्रधानमंत्री दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे, जहां लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (बाबतपुर एयरपोर्ट) पर उनका स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इसके बाद वे बरेका इंटर कॉलेज मैदान पहुंचे, जहां जनआक्रोश महिला सम्मेलन को संबोधित किया।
हजारों करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने 6332 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। साथ ही बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई के बीच दो नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
भाजपा अध्यक्ष ने भी की सराहना
इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की आधी आबादी को वह सम्मान दिया है, जो पूर्ववर्ती सरकारें नहीं दे सकीं। उन्होंने काशी की महत्ता बताते हुए कहा कि यहां की संस्कृति और परंपरा पूरे देश को प्रेरित करती है, और महिलाओं की भूमिका समाज निर्माण में बेहद अहम है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं और महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर सरकार की योजनाओं को रेखांकित किया गया।
इसे भी पढ़े : बिना अनुमति रोड शो कर शोरूम उद्घाटन, यूट्यूबर शादाब जकाती पर चौथी FIR दर्ज
➤ You May Also Like







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































