बोलता सच,देवरिया : जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में जिलेभर से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सरकारी पत्रावलियों का प्रेषण और पत्राचार केवल ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से किया जाए। उन्होंने इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अंत्योदय और आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश
तहसील सलेमपुर के ग्राम मठिया इंदौली निवासी संदीप कुमार ने अपने पिता की गंभीर बीमारी और आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए अंत्योदय राशन कार्ड बनवाने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को संदीप कुमार का अंत्योदय राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनवाने के निर्देश दिए।
पारिवारिक विवाद में मौके पर जांच के आदेश
सदर कोतवाली क्षेत्र के गोबराई निवासी पुष्पा देवी ने पारिवारिक विवाद के कारण घर में रहने से रोके जाने की शिकायत जिलाधिकारी से की। शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए डीएम ने उप जिलाधिकारी सदर को राजस्व निरीक्षक, लेखपाल और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नियमित रूप से सुनें जनसमस्याएं
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से अपने कार्यालय में बैठकर आमजन की समस्याएं सुनें और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर जनशिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए तथा प्रत्येक मामले का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए।
इसे भी पढ़े : शराब जैसी गंध पर ट्रक जब्त करना पड़ा भारी, हाईकोर्ट ने बिहार सरकार पर 2.15 लाख का हर्जाना लगाया
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































