बोलता सच,गोरखपुर : गोरखपुर में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। नदी किनारे घूमने गए चार बच्चों में से दो मासूम गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, तिवारीपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर मोहल्ले में रहने वाले विक्की यादव के यहां उनके भांजे 12 वर्षीय सर्वेश यादव अपनी मां और छोटे भाई के साथ आए हुए थे। शाम के समय सर्वेश अपनी 10 वर्षीय ममेरी बहन पीहू यादव और दो अन्य बच्चों के साथ रोहिन नदी के किनारे घूमने गया था।
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद अन्य दो बच्चे घर लौट गए, जबकि सर्वेश और पीहू नदी किनारे रुक गए। इसी दौरान दोनों नदी में उतर गए और देखते ही देखते गहरे पानी में डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सर्वेश यादव को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, 10 वर्षीय पीहू यादव की तलाश देर शाम तक जारी रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया, जिसे अगले दिन सुबह फिर से शुरू करने की बात कही गई है।
घटना के बाद नदी किनारे का दृश्य बेहद मार्मिक रहा। पीहू की मां अपनी बेटी के कपड़े और चप्पल लेकर घंटों नदी किनारे बैठी रही और उसके सकुशल लौटने की उम्मीद करती रही। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तिवारीपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं लापता बच्ची की तलाश के लिए एनडीआरएफ और पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही है। मामले की जांच भी की जा रही है।
इसे भी पढ़े : गोरखपुर में ज्वेलरी शोरूम से 45 लाख की चोरी का खुलासा, दो महिला कर्मचारी गिरफ्तार
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































