बोलता सच,नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने थाली-चम्मच बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान “गो प्रधान गो” के नारे भी लगाए गए।
यह प्रदर्शन CJP द्वारा 6 जून को आयोजित आंदोलन के बाद दूसरा बड़ा राष्ट्रीय प्रदर्शन माना जा रहा है। संगठन ने परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं और छात्रों की आत्महत्या के मामलों को प्रमुख मुद्दा बनाया।
थाली-चम्मच के साथ विरोध प्रदर्शन
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन से पहले समर्थकों से थाली और चम्मच लेकर आने की अपील की थी। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि जैसे कोविड-19 महामारी के दौरान थाली बजाने की अपील की गई थी, उसी तरह यह प्रतीकात्मक विरोध सरकार तक छात्रों की आवाज पहुंचाने का माध्यम बनेगा। जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही तय करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कई कलाकारों, गायकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी शामिल होने का आह्वान किया गया था।
कई शहरों में हुआ विरोध प्रदर्शन
दिल्ली के अलावा पुणे, लखनऊ, अमृतसर, बेंगलुरु, हैदराबाद और जयपुर सहित कई शहरों में भी CJP समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया। सोशल मीडिया के माध्यम से तेजी से लोकप्रिय हो रहे इस संगठन ने देशभर में परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए अभियान छेड़ रखा है।
प्रधानमंत्री को खुला पत्र
प्रदर्शन से एक दिन पहले अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला पत्र लिखकर परीक्षा विवादों के बीच आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि हाल के समय में परीक्षा संबंधी विवादों और तनाव के कारण 11 छात्रों ने आत्महत्या की है।
पत्र में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने और पूरे मामले में जवाबदेही तय करने की मांग भी दोहराई गई।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
CJP का कहना है कि उनका आंदोलन छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो देशभर में विरोध प्रदर्शन और तेज किए जाएंगे।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन की अनुमति पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के तहत दी गई थी।
CJP का दावा है कि परीक्षा प्रणाली में सुधार, पेपर लीक पर कठोर कार्रवाई और छात्रों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक उनका अभियान जारी रहेगा।
इसे भी पढ़े : बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से करोड़ों का गोल्ड घोटाला, तिजोरी से गायब मिले 96 पैकेट सोना
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.





















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































