Breaking News

रामपुर के युवक की रूस में गोली लगने से मौत, शव दिल्ली पहुंचा

Bolta Sach News
|
Rampur youth dies in Russia
बोलता सच,रामपुर : उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के एक 22 वर्षीय युवक शावेद की रूस में गोली लगने से मौत हो गई। शनिवार तड़के उसका शव दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा, जहां से परिजन उसे लेने के लिए रवाना हो गए। इस घटना से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के अनुसार, रामपुर के मसवासी गांव निवासी शावेद रूस में काम करने गया था, लेकिन बाद में वह रूसी सेना से जुड़ गया। ड्यूटी के दौरान उसे गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, उसकी मौत की जानकारी परिवार को काफी देर से दी गई, जिससे परिजन और अधिक आहत हैं।
शावेद अपने परिवार का इकलौता सहारा था। उसने इंटरमीडिएट तक पढ़ाई की थी और बेहतर रोजगार की तलाश में विदेश गया था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसके पिता दुल्हे हसन दूध बेचकर घर चलाते हैं। शावेद का छोटा भाई नावेद मानसिक रूप से अस्वस्थ है, जबकि उसकी बहन इंटरमीडिएट में पढ़ाई कर रही है। ऐसे में परिवार को उम्मीद थी कि शावेद के विदेश जाने से घर की हालत सुधरेगी।
जानकारी के मुताबिक, शावेद 15 जून 2025 को रूस गया था। उसके साथ हल्द्वानी का एक अन्य युवक तसलीम भी गया था, जो कुछ समय बाद वापस लौट आया। परिजनों का कहना है कि सितंबर 2025 के बाद से शावेद से उनका संपर्क टूट गया था। 5 सितंबर 2025 को हुई आखिरी बातचीत में वह काफी परेशान और घबराया हुआ लग रहा था।
काफी समय तक कोई संपर्क न होने पर परिजनों ने 6 जनवरी 2026 को रामपुर के सांसद के माध्यम से विदेश मंत्रालय से मदद की गुहार लगाई, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद 2 अप्रैल 2026 को अचानक एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को रूसी सेना का अधिकारी बताया। उसने बताया कि शावेद की मौत 12 सितंबर 2025 को गोली लगने से हो गई थी और उसका शव भारत भेजा जा रहा है।
परिजनों के अनुसार, शावेद शुरू में रूस में स्टील फर्नीचर का काम करता था और एक हॉस्टल में रहता था। लेकिन एक दिन उसे वहां से ले जाकर जबरन सेना में भर्ती करा दिया गया। उसने आखिरी बार अपने परिवार को सेना की वर्दी में अपनी एक तस्वीर भी भेजी थी।
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर विदेश में रोजगार के नाम पर युवाओं के शोषण और उनकी सुरक्षा को लेकर। परिवार अब सरकार से न्याय और पूरे मामले की जांच की मांग कर रहा है।

इसे भी पढ़े : 19 साल पुराने ऐशबाग डबल मर्डर केस में बड़ा फैसला, विधायक अभय सिंह समेत सभी आरोपी बरी


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: