Breaking News

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रेलर में घुसी कार; पांच लोगों की मौत

Bolta Sach News
|
Horrific accident on Purvanchal Expressway
बोलता सच,आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में शनिवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कंधरापुर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन संख्या 238 के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चियां शामिल बताई जा रही हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय कार काफी तेज गति से चल रही थी। दावा किया जा रहा है कि कार की रफ्तार करीब 135 किलोमीटर प्रति घंटा थी। तेज स्पीड के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद कुछ देर तक एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस को घटनास्थल से मनीष श्रीवास्तव नाम का पहचान पत्र मिला है। इसमें एक पता हरियाणा के फरीदाबाद और दूसरा बिहार के सिवान जिले का बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार बिहार से दिल्ली जा रहा था। पुलिस अब मृतकों की शिनाख्त और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। इसके लिए आजमगढ़ पुलिस ने सिवान पुलिस से भी संपर्क साधा है।
मामले में एसपी ट्रैफिक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कंधरापुर थाना पुलिस, सीओ सिटी, फायर टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। उन्होंने बताया कि हादसे में कार पूरी तरह ट्रेलर में फंस गई थी, जिसके कारण शवों को निकालने में काफी समय लगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य करने और पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए लोग सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के सख्ती से पालन की मांग कर रहे हैं।

इसे भी पढ़े : देवरिया : पथरदेवा में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: