बोलता सच,लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर राजधानी लखनऊ पहुंचे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। राजधानी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस दौरे को वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लखनऊ पहुंचने के बाद नितिन नवीन विशेष रूप से तैयार किए गए मोटर चालित रथ पर सवार होकर पार्टी कार्यालय के लिए रवाना हुए। रथ पर भाजपा के शीर्ष नेताओं के चित्र और “सेवा, सुशासन और जन कल्याण” का संदेश अंकित था। रास्ते में बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया, जिसके चलते काफिला धीमी गति से आगे बढ़ा।
मुख्यमंत्री योगी ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर स्वागत संदेश जारी करते हुए लिखा कि प्रभु श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि उत्तर प्रदेश में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।
2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर होगा मंथन
भाजपा सूत्रों के अनुसार, दो दिवसीय प्रवास के दौरान नितिन नवीन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। इन बैठकों में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक पार्टी के विस्तार और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर चर्चा होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि वह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग बैठक करेंगे। इसके अलावा पार्टी के विधायकों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से भी उनकी मुलाकात प्रस्तावित है।
संगठन के पदाधिकारियों से भी करेंगे संवाद
दौरे के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों तथा विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को गति देने के लिए कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
कोर कमेटी की बैठक भी होगी
नितिन नवीन पार्टी की कोर कमेटी के साथ भी बैठक करेंगे, जिसमें संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यह बैठक आगामी राजनीतिक गतिविधियों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रमुख हस्तियों से भी करेंगे मुलाकात
अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रात्रिभोज का भी कार्यक्रम निर्धारित है। इसके अलावा वह पद्मश्री सम्मान से सम्मानित डॉ. विद्या बिंदु सिंह के लखनऊ स्थित आवास पर राज्य की विभिन्न प्रमुख हस्तियों से मुलाकात करेंगे।
भाजपा नेताओं के अनुसार, मथुरा और वाराणसी के बाद पार्टी अध्यक्ष बनने के पश्चात उत्तर प्रदेश का यह उनका तीसरा दौरा है। इस दौरान उनके लखनऊ स्थित प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन करने की भी संभावना जताई जा रही है। पार्टी का मानना है कि यह दौरा संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































