Breaking News

एटा में कांवड़ यात्रा के चलते 12वीं तक के स्कूल बंद, लागू हुआ रूट डायवर्जन; भारी वाहनों की नो-एंट्री

Bolta Sach News
|
Due to Kanwar Yatra in Etah

बोलता सच,एटा। सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए एटा जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है। कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए शनिवार और सोमवार को जिले के 12वीं तक के सभी विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही शुक्रवार रात से विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू कर दी गई है, जो सोमवार शाम छह बजे तक प्रभावी रहेगी।

प्रशासन के अनुसार, सोरों और कछला घाट से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। यही ट्रैफिक प्लान 7 से 11 अगस्त, 14 से 17 अगस्त तथा 21 से 24 अगस्त तक प्रत्येक शुक्रवार से सोमवार शाम तक लागू रहेगा।

डायवर्जन अवधि में शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। रोडवेज बसों का संचालन भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से कराया जाएगा, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कांवड़ यात्रा के मद्देनजर शहर के कई प्रमुख निजी विद्यालयों ने भी एहतियातन शनिवार और सोमवार को अवकाश घोषित कर दिया है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि भीड़ और संभावित ट्रैफिक जाम को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार, अलीगढ़, पिलुआ, मैनपुरी, फिरोजाबाद, कासगंज, बदायूं, बरेली, शिकोहाबाद और टूंडला की ओर से आने-जाने वाले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन्हें निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा।

अलीगढ़ और पिलुआ से मैनपुरी जाने वाले वाहन एटा बाईपास से होकर गुजरेंगे, जबकि फिरोजाबाद जाने वाले वाहन मलावन, कुरावली, घिरोर और शिकोहाबाद मार्ग का उपयोग करेंगे। एटा से बदायूं और बरेली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को ओन घाट चौकी, सिढ़पुरा, गंजडुंडवारा और कादरगंज मार्ग से भेजा जाएगा।

इसी प्रकार, मैनपुरी से आने वाले भारी वाहन एटा बाईपास के रास्ते अलीगढ़ भेजे जाएंगे। कासगंज से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन सौरभ ढाबा, अमांपुर, एटा बाईपास, मलावन, कुरावली, घिरोर और शिकोहाबाद होकर गुजरेंगे। शिकोहाबाद से एटा आने वाले सभी भारी, हल्के और आवश्यक वस्तुओं के वाहन घिरोर-मैनपुरी मार्ग से संचालित होंगे।

टूंडला से आने वाले वाहनों के लिए भी विशेष वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। ये वाहन फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, घिरोर, कुरावली, मलावन, एटा बाईपास, सिढ़पुरा और गंजडुंडवारा होते हुए बदायूं और बरेली की ओर जाएंगे। वहीं कांवड़ यात्रा की अवधि में एटा-कासगंज मार्ग को वन-वे घोषित किया गया है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी अवश्य लें और पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।


इसे भी पढ़े : छात्र आंदोलन में खाना बांटने वाले जुनैद पर सियासत तेज, बीजेपी नेता ने उठाए फंडिंग पर सवाल


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: