Breaking News

भोजशाला को मंदिर घोषित करने के फैसले पर ओवैसी की प्रतिक्रिया, बोले- सुप्रीम कोर्ट जाएंगे

Bolta Sach News
|
To declare Bhojshala a temple
बोलता सच,धार : धार स्थित विवादित भोजशाला को लेकर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच के फैसले के बाद राजनीतिक और धार्मिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। हाईकोर्ट ने भोजशाला को मंदिर मानते हुए वहां हिंदू पक्ष को पूजा की अनुमति दी है, जबकि परिसर में नमाज पढ़ने पर रोक लगा दी है। इस फैसले पर सबसे तीखी प्रतिक्रिया असदुद्दीन ओवैसी की ओर से सामने आई है।

असदुद्दीन ओवैसी ने हाईकोर्ट के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले में उन्हें बाबरी मस्जिद फैसले जैसी समानताएं दिखाई देती हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले में हस्तक्षेप करेगा और हाईकोर्ट के आदेश को रद्द करेगा।

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने अपने फैसले में भोजशाला को मंदिर माना और हिंदू पक्ष की मांग स्वीकार करते हुए पूजा-पाठ की अनुमति दी। फैसले के बाद धार और इंदौर सहित आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।

गौरतलब है कि भोजशाला को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। हिंदू पक्ष इस स्थल को मां वाग्देवी का मंदिर मानता है, जबकि मुस्लिम पक्ष इसे कमाल मौला मस्जिद बताता रहा है। इसी विवाद को लेकर मामला अदालत में पहुंचा था।

फैसले के बाद हिंदू संगठनों ने इसका स्वागत किया है, जबकि मुस्लिम पक्ष ने असहमति जताते हुए सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है। मुस्लिम पक्ष के वकील अरसद वारसी ने कहा कि वे फैसले से संतुष्ट नहीं हैं और आदेश की पूरी प्रति मिलने के बाद सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी जाएगी।

अरसद वारसी ने कहा कि हाईकोर्ट ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की रिपोर्ट को आधार बनाकर फैसला सुनाया है। उनका कहना है कि मुस्लिम पक्ष अदालत के इस निर्णय से सहमत नहीं है और आगे कानूनी लड़ाई जारी रखेगा।

वहीं, फैसले के बाद राज्य में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कई हिंदू संगठनों और नेताओं ने इसे ऐतिहासिक फैसला बताया है, जबकि विपक्षी दलों और मुस्लिम संगठनों ने न्यायिक समीक्षा की मांग की है।

फिलहाल, मामले को लेकर पूरे देश की नजर अब सुप्रीम कोर्ट पर टिकी हुई है, जहां इस फैसले को चुनौती दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: