Breaking News

कांग्रेस और AIMIM से गठबंधन पर फडणवीस सख्त, भाजपा नेताओं को अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी

Bolta Sach News
|
Alliance with Congress and AIMIM

बोलता सच,महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अंबरनाथ और अकोट में कांग्रेस तथा ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के साथ हुए स्थानीय गठबंधनों पर कड़ा रुख अपनाते हुए इन्हें सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे संगठनात्मक अनुशासन का उल्लंघन बताते हुए ऐसे गठबंधनों को तत्काल समाप्त करने और जिम्मेदार नेताओं पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।

सीएम फडणवीस ने स्पष्ट कहा कि भाजपा कभी भी कांग्रेस या AIMIM के साथ गठबंधन नहीं कर सकती और बिना शीर्ष नेतृत्व की अनुमति के बने ऐसे समझौते अस्वीकार्य हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्देशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अंबरनाथ में कांग्रेस-NCP के साथ बनी परिषद

ठाणे जिले के अंबरनाथ नगर परिषद में भाजपा ने कांग्रेस और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के साथ मिलकर ‘अंबरनाथ विकास अघाड़ी’ के बैनर तले परिषद का नेतृत्व संभाला। भाजपा पार्षद तेजश्री करंजुले पाटिल अध्यक्ष चुनी गईं। 60 सदस्यीय परिषद में शिवसेना (शिंदे) 27 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी थी, जबकि भाजपा को 14, कांग्रेस को 12 और एनसीपी को 4 सीटें मिली थीं। निर्दलीयों के समर्थन से गठबंधन बहुमत तक पहुंचा।

कांग्रेस की कार्रवाई

भाजपा के साथ गठबंधन को लेकर कांग्रेस ने सख्ती दिखाते हुए अंबरनाथ के 12 नवनिर्वाचित पार्षदों और ब्लॉक अध्यक्ष को पार्टी से निलंबित कर दिया। साथ ही ब्लॉक इकाई को भंग करने का फैसला लिया गया।

अकोट में AIMIM के साथ ‘अकोट विकास मंच’

अकोट नगर परिषद में भाजपा ने AIMIM के साथ मिलकर ‘अकोट विकास मंच’ बनाया। 35 सदस्यीय परिषद में भाजपा की 11 और AIMIM की 5 सीटें हैं। अन्य दलों के समर्थन से गठबंधन की संख्या 25 तक पहुंच गई। भाजपा की माया धुले महापौर चुनी गईं, जबकि उपमहापौर और समिति चुनाव 13 जनवरी को होने हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने दोहराया कि ऐसे गठबंधनों को रद्द करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं और दोषी पाए जाने पर संबंधित नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: