बोलता सच,लखनऊ : लखनऊ में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी ने अपनी जमीनी तैयारियों को मजबूत करना शुरू कर दिया है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया है कि आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करें और संगठन को मजबूत बनाएं।
पार्टी कार्यालय में गुरुवार को आयोजित बैठक में जिला, महानगर और विधानसभा अध्यक्षों के साथ चर्चा करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए आपसी तालमेल बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप और आपसी खींचतान से पार्टी कमजोर होती है, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे का सम्मान करते हुए सामूहिक रूप से काम करना चाहिए।
सपा प्रमुख ने 2027 के विधानसभा चुनाव को निर्णायक बताते हुए इसे “करो या मरो” की स्थिति करार दिया। उन्होंने कहा कि इस बार किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश को बचाना जरूरी है, क्योंकि हार की स्थिति में लोकतांत्रिक मूल्यों पर और अधिक खतरा पैदा हो सकता है।
बैठक में आगामी उपचुनावों और शिक्षक व स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भी रणनीति बनाई गई। अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सभी पार्टी प्रत्याशियों को मजबूती से सहयोग दें और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करें। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के 10 साल पूरे होने के बाद भी जनता में असंतोष है और 2024 के चुनाव में कथित गड़बड़ियों के बावजूद सपा मजबूत स्थिति में रही।
कार्यकर्ताओं को उनके व्यवहार और संवाद शैली को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। अखिलेश यादव ने कहा कि जनता के बीच उनकी भाषा और व्यवहार सकारात्मक और संतुलित होना चाहिए। उन्होंने सपा सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने और वर्तमान सरकार की कमियों को उजागर करने की बात कही, लेकिन किसी भी विवाद में पड़ने से बचने की सलाह दी।
मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों में अधिकारियों पर कार्रवाई होती है, लेकिन उत्तर प्रदेश में शिकायतों के बावजूद ऐसा नहीं देखने को मिला। उन्होंने चुनाव आयोग से राज्य में अपनी निष्पक्षता साबित करने की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जैसे ही अन्य राज्यों के चुनाव समाप्त होंगे, भाजपा अपनी पूरी ताकत उत्तर प्रदेश में लगाएगी। ऐसे में सपा कार्यकर्ताओं को अभी से सतर्क रहकर जमीनी स्तर पर काम करना होगा, ताकि किसी भी राजनीतिक रणनीति का मजबूती से मुकाबला किया जा सके।
इसे भी पढ़े : पश्चिम एशिया संकट पर आज CCS की अहम बैठक, पीएम मोदी करेंगे अध्यक्षता
➤ You May Also Like











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































