Breaking News

सिद्धार्थनगर में भंडारे के दौरान ‘जय श्रीराम’ बोलने पर मिला प्रसाद, वीडियो वायरल होने के बाद छिड़ी बहस

Bolta Sach News
|
During the feast in Siddharthnagar
बोलता सच,सिद्धार्थनगर : उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर लोगों के बीच बहस छिड़ गई है। वीडियो में एक भंडारे के दौरान प्रसाद लेने पहुंचे मुस्लिम व्यक्ति से कथित तौर पर ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाने के लिए कहा जाता है। नारा लगाने के बाद उसे प्रसाद दिया जाता है।
जानकारी के अनुसार, डुमरियागंज ब्लॉक परिसर के सामने मंगलवार दोपहर भंडारे का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में भाजपा नेता लवकुश ओझा अपने समर्थकों के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर रहे थे। इसी दौरान एक स्थानीय मुस्लिम व्यक्ति प्रसाद लेने के लिए वहां पहुंचा।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि प्रसाद वितरण के दौरान लवकुश ओझा उस व्यक्ति से ‘जय श्रीराम’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ बोलने के लिए कहते हैं। इसके बाद मुस्लिम व्यक्ति मुस्कुराते हुए धीमी आवाज में ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाता है, जिसके बाद उसे पूड़ी और सब्जी का प्रसाद दिया जाता है।
घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोग हंसते हुए भी दिखाई देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे सौहार्द का उदाहरण बता रहे हैं, जबकि कुछ ने धार्मिक नारे को प्रसाद से जोड़ने पर सवाल उठाए हैं।
लवकुश ओझा की पत्नी भनवापुर ब्लॉक प्रमुख हैं और वह उनके प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हैं। साथ ही उन्हें डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह का करीबी सहयोगी भी माना जाता है।
फिलहाल इस मामले में प्रशासन या संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा जारी है।

इसे भी पढ़े : टीएमसी में बगावत के दावे से मचा सियासी हड़कंप, 20 सांसदों के एनसीपीआई में विलय की चर्चा


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply