Breaking News

नोएडा में ठंड से बचने के लिए अंगीठी बनी मौत का कारण, दम घुटने से दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत

Bolta Sach News
|
Fireplaces to beat the cold in Noida
बोलता सच,नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। ठंड से बचने के लिए बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सोना दो मजदूरों को भारी पड़ गया। अंगीठी से निकली जहरीली गैस के कारण दम घुटने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मुरादाबाद जिले के थाना मैनाठेर क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत महमूदपुर माफी निवासी फुरकान (35) और साहिल (18) के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई रोज़गार के सिलसिले में नोएडा आए थे और मजदूरी कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को नोएडा में दिनभर बारिश होने से ठंड काफी बढ़ गई थी। इसी वजह से रात में दोनों ने अपने कमरे के अंदर अंगीठी जलाई और सो गए। सोने से पहले उन्होंने फोन पर घरवालों को ठंड बढ़ने की जानकारी भी दी थी।
शनिवार सुबह जब परिजनों ने फुरकान और साहिल से संपर्क करने की कोशिश की तो दोनों के मोबाइल फोन बंद मिले। काफी देर तक संपर्क न होने पर परिजनों ने नोएडा में उनके साथ काम करने वाले अन्य मजदूरों को इसकी सूचना दी। साथी मजदूर जब उनके कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा और खिड़कियां अंदर से बंद थीं। दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने पर दोनों अचेत अवस्था में पड़े मिले। उन्हें उठाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। कमरे के अंदर एक अंगीठी रखी हुई थी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बंद कमरे में अंगीठी से निकलने वाले धुएं और कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के कारण दम घुटने से दोनों की मौत हुई। हालांकि, नोएडा कमिश्नरेट पुलिस के प्रवक्ता ने घटना की आधिकारिक जानकारी से इनकार किया है। घटना की खबर मिलते ही महमूदपुर माफी गांव में दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। शनिवार दोपहर बाद दोनों के शव गांव लाए गए, जहां गमगीन माहौल में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
यह हादसा एक बार फिर बंद कमरों में अंगीठी या कोयले के इस्तेमाल से होने वाले खतरों की गंभीर चेतावनी देता है।

इसको भी पढ़ें : देवरिया में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दबंगों की खुलेआम फायरिंग से गांव में दहशत


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: