Breaking News

देवरिया: बीएसए के औचक निरीक्षण में खुली स्कूलों की पोल, कम उपस्थिति और अव्यवस्थाओं पर शिक्षकों का वेतन रोका

Bolta Sach News
|
Deoria BSA's surprise inspection

बोलता सच,देवरिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. राम जियावन मौर्य ने शनिवार को देवरिया सदर विकास खंड के पांच परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों में छात्रों की बेहद कम उपस्थिति, मध्याह्न भोजन न बनने, साफ-सफाई में लापरवाही और अन्य अनियमितताएं सामने आने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बीएसए ने शनिवार शाम संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों का वेतन और शिक्षामित्रों का मानदेय अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। साथ ही कई शिक्षकों से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है।

प्राथमिक विद्यालय परसिया मिस्कारी में मिली गंभीर लापरवाही

प्राथमिक विद्यालय परसिया मिस्कारी में 63 नामांकित छात्रों में केवल दो बच्चे उपस्थित मिले। निरीक्षण के समय मध्याह्न भोजन नहीं बना था और दोनों रसोइया अनुपस्थित थीं। विद्यालय परिसर और शौचालय भी गंदे पाए गए। इस पर प्रधानाध्यापिका सहित सभी शिक्षकों और शिक्षामित्रों का वेतन एवं मानदेय अगले आदेश तक रोकते हुए तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए।

उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक भी छात्र नहीं मिला

उच्च प्राथमिक विद्यालय परसिया मिस्कारी में 30 नामांकित छात्रों में से एक भी उपस्थित नहीं था। निरीक्षण के दौरान शिक्षक कक्ष में बैठे मिले। इस पर दोनों शिक्षकों का वेतन भी अगले आदेश तक रोक दिया गया।

अन्य विद्यालयों में भी कम रही उपस्थिति

प्राथमिक विद्यालय सोनूघाट में 61 नामांकित छात्रों में केवल 13 उपस्थित मिले। बीएसए ने प्रधानाध्यापक को चेतावनी देते हुए छात्र नामांकन और उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। उच्च प्राथमिक विद्यालय सुविखर में 93 नामांकित छात्रों में मात्र दो बच्चे मौजूद थे। निरीक्षण के समय कोई शिक्षक बच्चों को पढ़ाते नहीं मिला। विद्यालय में चारदीवारी, रैंप और किचन की व्यवस्था भी नहीं थी। इस पर सभी शिक्षकों का वेतन रोकते हुए एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया।

बिना सूचना अनुपस्थित मिले शिक्षामित्र

प्राथमिक विद्यालय दानोपुर में दो शिक्षामित्र लंबे समय से बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। बीएसए ने दोनों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

खंड शिक्षा अधिकारी को भी चेतावनी

निरीक्षण के बाद बीएसए ने देवरिया सदर के खंड शिक्षा अधिकारी देवमूनी वर्मा को भी चेतावनी जारी की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के नियमित निरीक्षण और प्रभावी पर्यवेक्षण में शिथिलता के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है। साथ ही स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: