Breaking News

देवरिया में पुलिस की सतर्कता से बची 14 वर्षीय किशोरी की जान, आत्महत्या की कोशिश से पहले बचाया गया

Bolta Sach News
|
Police vigilance in Deoria
बोलता सच,देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस की तत्परता ने एक 14 वर्षीय किशोरी की जान बचा ली। मंगलवार शाम रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के पुराना पटनवा पुल पर एक लड़की नदी में कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश कर रही थी। गश्त पर निकले सीओ नगर संजय कुमार रेड्डी और थाना प्रभारी अभिषेक यादव की नज़र जब उस पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए उसे बचा लिया।
घटना मंगलवार शाम लगभग 4:30 बजे की है। सीओ नगर अपनी टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि पुल पर बुर्का पहने एक किशोरी रो रही थी और नदी में छलांग लगाने की कोशिश कर रही थी। स्थिति को भांपते हुए सीओ ने तुरंत लड़की से शांतिपूर्वक बात करनी शुरू की और उसे बातचीत में उलझाए रखा।
इसी दौरान मौके पर मौजूद एक युवक ने लड़की को बचाने के लिए पुल के पिलर पर छलांग लगा दी। इस कोशिश में लड़की का पैर फिसल गया और वह पिलर से लटक गई। यह देखकर पुलिसकर्मियों ने भी बिना देर किए नीचे कूदकर उसे पकड़ लिया। स्थानीय लोगों की मदद से लड़की को ऊपर खींचा गया। इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित थाने पहुंचाया।
थाने में महिला सिपाही आशा सरोज और सरिता यादव ने लड़की से धीरे-धीरे बात की। किशोरी ने अपना नाम हशमुन निशा उर्फ प्रीति (14) बताया। वह बालपुर श्रीनगर निवासी मुहम्मद्दीन की पुत्री है। हशमुन ने बताया कि वह अपनी चाची चांदनी के साथ कहीं गई थी, लेकिन रास्ते में उनसे अलग हो गई। रास्ता भटक जाने पर वह घबरा गई और आत्महत्या का प्रयास करने लगी।
जब पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया, तो उसकी मां सलमा और अन्य परिवारजन थाने पहुंचे। मां ने बताया कि उनकी बेटी कभी-कभी बिना कारण बहुत परेशान हो जाती है, जोर-जोर से रोने लगती है और किसी से कुछ नहीं कहती। संभवतः मानसिक तनाव में उसने यह कदम उठाने की कोशिश की।
पुलिस ने किशोरी को डॉक्टरी जांच के बाद उसके परिजनों के हवाले कर दिया। परिवार ने बेटी को सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली और पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस की सतर्कता और मानवीय संवेदना की सराहना की। सभी ने कहा कि अगर पुलिस कुछ सेकंड भी देर कर देती, तो एक मासूम की जान जा सकती थी।
सीओ नगर संजय कुमार रेड्डी ने कहा, “पुलिस का कर्तव्य केवल अपराध रोकना नहीं, बल्कि जनमानस की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। हमारी टीम ने संवेदनशीलता के साथ समय रहते कार्रवाई की, जिससे एक बच्ची की जान बचाई जा सकी।”
वहीं थाना प्रभारी अभिषेक यादव ने बताया कि लड़की को काउंसलिंग की जरूरत है और परिवार को सुझाव दिया गया है कि वह उसकी मानसिक स्थिति पर नजर रखें और आवश्यकता पड़ने पर मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें।

इस खबर को भी पढ़ें : देवरिया मेडिकल कॉलेज से 75 वर्षीय महिला रहस्यमय तरीके से लापता, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “देवरिया में पुलिस की सतर्कता से बची 14 वर्षीय किशोरी की जान, आत्महत्या की कोशिश से पहले बचाया गया”

Leave a Reply