बोलता सच,वाराणसी : वाराणसी कमिश्नरेट की चोलापुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अवैध शस्त्र एवं कारतूस की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को कटारी ब्लॉक के पास से दबोचा। उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अखिलेश उर्फ मोनू राजभर, अरुण राजभर, हिमांशु कुमार उर्फ सनी, आभाष सिंह, विशाल सिंह, अनिकेत चौहान तथा नमन मिश्रा उर्फ अस्तीशू शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से एक .32 बोर रिवाल्वर और छह कारतूस, एक 7.65 एमएम पिस्टल और दो कारतूस, एक .315 बोर तमंचा और तीन कारतूस, एक 9 एमएम पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक चोरी की मोटरसाइकिल और विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध हथियार रखने और उनका इस्तेमाल करने के शौकीन थे। इन हथियारों के बल पर वे लोगों को डराकर चोरी, छिनैती और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। साथ ही अधिक मुनाफा मिलने पर राहगीरों और अन्य लोगों को अवैध असलहे बेचने का भी काम करते थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के उद्देश्य से एकत्र हुए थे। फिलहाल पुलिस गिरोह के नेटवर्क और हथियारों की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़े : शिव मंदिर सरोवर में नहाने के दौरान दो किशोर डूबे, एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































