ज्ञापन में सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों को तत्काल भरवाने और मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की गई। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना था कि लंबे समय से सड़क की हालत बेहद खराब है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सपा नेता विजय रावत ने आरोप लगाया कि पिछले लगभग दस वर्षों से सोनूघाट-बरहज मार्ग पूरी तरह जर्जर स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने दावा किया कि कई लोग इन हादसों में अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन और लोक निर्माण विभाग समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रहा।
उन्होंने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता से विकास के नाम पर वादे किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति बिल्कुल अलग है। विजय रावत ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है और लोक निर्माण विभाग इसकी सबसे बड़ी मिसाल बन गया है।
सपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि मोहन सेतु का टेंडर होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत और मांग उठाने के बावजूद विभाग द्वारा सड़क मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क के गड्ढे नहीं भरे गए और मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ, तो समाजवादी पार्टी जनहित में बड़ा आंदोलन करेगी। विजय रावत ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अमित प्रधान, छात्र नेता सूरज यादव, मनीष सिंह, मनोज कुमार, दिनेश यादव, अभिषेक सिंह और राहुल यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क मरम्मत को लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है।