Breaking News

आगरा में युवक की पीट-पीटकर हत्या, बाजार में तड़पता रहा युवक, दहशत में बंद हो गईं दुकानें

Bolta Sach News
|
Youth beaten to death in Agra

बोलता सच,आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार रात एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बीच बाजार हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। आरोपी युवक को लगातार पीटता रहा, जबकि डर के कारण आसपास के दुकानदारों ने अपने शटर बंद कर लिए। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान छत्ता थाना क्षेत्र के कचहरी घाट पत्तल वाली गली निवासी 27 वर्षीय हर्ष जैन के रूप में हुई है। वह पेशे से चांदी कारीगर था।

फोन आने के बाद घर से निकला था हर्ष

हर्ष के पिता दिनेश जैन ने बताया कि रविवार को काम से लौटने के बाद हर्ष उनकी चाय की दुकान पर आया था। इसी दौरान उसके पास किसी का फोन आया, जिसके बाद वह वहां से निकल गया। देर रात परिवार को जानकारी मिली कि धूलियागंज निवासी देवा माहौर ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। परिजन घायल हर्ष को कई अस्पतालों में लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे भर्ती नहीं किया गया। बाद में एसएन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गुटबाजी में हत्या की आशंका

परिजनों के मुताबिक, हर्ष के दोस्त का विवाद आरोपी देवा माहौर के भाई विशाल से हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के बाद विशाल ने अपने भाई देवा को सूचना दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, देवा अपने साथियों के साथ बुलेट बाइक से मौके पर पहुंचा और धूलियागंज इलाके में ट्रांसफार्मर के पास हर्ष को पकड़ लिया। आरोपी ने पहले उसके चेहरे पर लगातार मुक्के मारे और जब वह बेहोश होने लगा तो उसे सड़क पर पटक-पटक कर मार डाला।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी

सय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी देवा माहौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

अंतिम संस्कार के दौरान हंगामा

पोस्टमार्टम के बाद जब हर्ष का शव घर पहुंचा तो परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने आरोपियों के एनकाउंटर और फांसी की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई घंटों तक बहस और नोकझोंक होती रही। बाद में पुलिस ने समझाकर अंतिम संस्कार कराया।

तीन साल पहले हुई थी शादी

हर्ष के पिता ने बताया कि परिवार में दो बेटियां और एक बेटा था। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। हर्ष ने तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था और उसका एक छोटा बेटा भी है। हर्ष की मां दीपिका जैन ने बताया कि वह दिल्ली गई हुई थीं। मदर्स डे पर हर्ष ने सोशल मीडिया पर उनके साथ तस्वीर साझा की थी। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी देवा माहौर इलाके में दबंग छवि वाला व्यक्ति माना जाता है।


इसे भी पढ़े : देवरिया में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पुलिस ने पति को हिरासत में लिया


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: