Breaking News

यूपी चुनाव 2027: हाथरस से चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे आकाश आनंद, युवाओं और ब्राह्मण वोट बैंक पर BSP का फोकस

Bolta Sach News
|
UP Elections 2027 From Hathras

बोलता सच,लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी सुप्रीमो मायावती लगातार संगठनात्मक बैठकों के जरिए चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। इन बैठकों में मंडल स्तर पर संगठन को सक्रिय करने के साथ-साथ बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को मजबूत करने की जिम्मेदारी पार्टी पदाधिकारियों को सौंपी गई है।

इसी बीच बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद की उत्तर प्रदेश में सक्रिय चुनावी भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी ने युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें चुनावी अभियान में प्रमुख जिम्मेदारी देने का फैसला किया है।

10 अगस्त को हाथरस में कार्यकर्ता सम्मेलन

आकाश आनंद 10 अगस्त को हाथरस जिले की सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इसी कार्यक्रम से बसपा अपने चुनावी अभियान को नई गति देने का प्रयास करेगी।

सूत्रों के अनुसार, सम्मेलन के दौरान डॉ. अविन शर्मा को सादाबाद विधानसभा का प्रभारी घोषित किया जा सकता है। बसपा की परंपरा रही है कि जिस नेता को किसी विधानसभा का प्रभारी बनाया जाता है, उसे बाद में उसी सीट से चुनाव मैदान में भी उतारा जाता है।

ब्राह्मण समाज को साधने की तैयारी

बताया जा रहा है कि डॉ. अविन शर्मा ब्राह्मण समाज से आते हैं। ऐसे में बसपा इस नियुक्ति के जरिए प्रदेश के ब्राह्मण मतदाताओं को यह संदेश देना चाहती है कि पार्टी सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की अपनी नीति पर कायम है। पार्टी का कहना है कि वह ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की विचारधारा के तहत सभी वर्गों को समान प्रतिनिधित्व देने में विश्वास रखती है।

युवाओं पर भी रहेगा विशेष फोकस

आकाश आनंद सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं के बीच लगातार सक्रिय रहते हैं। ऐसे में बसपा उन्हें युवा मतदाताओं से संवाद स्थापित करने और पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की अहम जिम्मेदारी सौंप रही है। पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में युवाओं के बीच संगठन की पहुंच और मजबूत होगी।

क्या कहते हैं सादाबाद के चुनावी समीकरण?

हाथरस की सादाबाद विधानसभा सीट राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जाती है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से बसपा के रामवीर उपाध्याय ने जीत दर्ज की थी। वर्तमान में यह सीट राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के कब्जे में है और प्रदीप सिंह उर्फ गुड्डू चौधरी यहां के विधायक हैं।

जातीय समीकरण की बात करें तो सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक जाट मतदाता हैं। इसके बाद ब्राह्मण और फिर दलित मतदाताओं की संख्या प्रभावशाली मानी जाती है। ऐसे में बसपा की नई रणनीति को इन सामाजिक समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


इसे भी पढ़े : लखनऊ: 16 वर्षीय किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म मामले में दो महिलाओं समेत पांच आरोपी गिरफ्तार, सभी जेल भेजे गए


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: