Breaking News

गोरखपुर में थाने में महिला से मारपीट का आरोप, दरोगा समेत 4 पुलिसकर्मी निलंबित

Bolta Sach News
|
Woman in Gorakhpur police station
बोलता सच,गोरखपुर : गोरखपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की। महिला के मुताबिक, पुलिस ने न सिर्फ उसकी बल्कि उसकी मां और भाइयों की भी पिटाई की और उल्टा शांति भंग में चालान कर दिया।

पीड़िता ने एसएसपी डॉ. कौस्तुभ से शिकायत की, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए दरोगा सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच की जिम्मेदारी एसपी साउथ ज्ञानेंद्र कुमार को सौंपी गई है।

जानकारी के अनुसार, बेलघाट थाना क्षेत्र की रहने वाली नेहा ने आरोप लगाया कि 29 अप्रैल को उसके पति की गैरमौजूदगी में रिश्तेदारों ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। जब वह अपने भाइयों के साथ इसकी शिकायत लेकर थाने पहुंची, तो वहां मौजूद दरोगा ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और अंदर ले जाकर अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर पिटाई की। बीच-बचाव करने आए उसके भाई और मां को भी नहीं बख्शा गया।

महिला का आरोप है कि शिकायत दर्ज करने के बजाय पुलिस ने उन्हें ही प्रताड़ित किया और शांति भंग के आरोप में चालान कर तहसील परिसर में छोड़ दिया। इस मामले में 2 मई को एसएसपी को लिखित शिकायत दी गई थी। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया और जांच शुरू कर दी गई।

एसपी साउथ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच जल्द पूरी कर रिपोर्ट सौंपी जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply