Breaking News

बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: मदरसा जा रहे बच्चों पर गिरी जर्जर दीवार, सगे भाई-बहन समेत दो की मौत

Bolta Sach News
|
Tragic accident in Barabanki
बोलता सच,बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मदरसा जा रहे पांच मासूम बच्चे जर्जर दीवार के नीचे दब गए। हादसे में सगे भाई-बहन समेत दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के आलियाबाद गांव में हुआ। जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच बच्चे रोज की तरह मदरसा जाने के लिए गांव की संकरी गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान वहां स्थित कई वर्ष पुरानी जर्जर ईंट की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और पांचों बच्चे मलबे में दब गए।

हादसे में गांव निवासी मुस्लिम के सात वर्षीय पुत्र हुजैफा और 14 वर्षीय पुत्री हाजरा बानो की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों सगे भाई-बहन थे। वहीं सलमान के आठ वर्षीय पुत्र हस्सान, चार वर्षीय पुत्री हानिया तथा अब्दुल मन्नान के 14 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अदनान गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

दीवार गिरने की तेज आवाज और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने जांच के बाद हुजैफा और हाजरा बानो को मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि जिस दीवार के गिरने से यह हादसा हुआ, वह लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी। लगातार बारिश के कारण उसकी हालत और कमजोर हो गई थी। ग्रामीणों ने कई बार दीवार के मालिक से इसकी मरम्मत कराने या इसे गिराने की मांग की थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे आलियाबाद गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: