बोलता सच,लखनऊ : लखनऊ पुलिस ने मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी और कुख्यात अपराधी संजय उर्फ संजीव को मार गिराया। पुलिस के अनुसार, वह पीजीआई क्षेत्र में हुए चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था और उसके खिलाफ पुलिस आयुक्त द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के चक कोदार गांव निवासी संजय उर्फ संजीव पूर्वांचल के कई जिलों में हत्या समेत गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। उस पर अंबेडकरनगर, बस्ती, अयोध्या सहित कई जिलों में संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
सात सेकेंड में की थी बिल्डर की हत्या
27 मई को रायबरेली रोड स्थित कल्ली पश्चिम में प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह अपने कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। महज सात सेकेंड में वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए थे। गंभीर रूप से घायल संदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने संजय उर्फ संजीव को इस हत्याकांड का मुख्य शूटर बताया था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों और गिरोह के सरगना पर भी एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कई संगीन मामलों में था वांछित
पुलिस के अनुसार, संजय उर्फ संजीव पूर्वांचल में कई सनसनीखेज हत्याओं और अन्य जघन्य अपराधों में शामिल रहा था। उस पर अंबेडकरनगर के कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा और खान मुबारक गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर कई वारदातों को अंजाम देने के भी आरोप थे।
फिलहाल पुलिस मुठभेड़ से जुड़े पूरे घटनाक्रम और अन्य आरोपियों की तलाश में आगे की कार्रवाई कर रही है।
इसे भी पढ़े : देवरिया : लोन दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की ठगी, फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी पर केस दर्ज
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































