Breaking News

नेहरू के कागजात लौटाने के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत की प्रतिक्रिया

Bolta Sach News
|
Return of Nehru's papers
बोलता सच,नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने गुरुवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से जुड़े 51 बक्सों में बंद दस्तावेज लौटाने के मुद्दे पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में सत्ता में आने के बाद से प्रधानमंत्री मोदी की राजनीति और नीतियां नेहरू के इर्द-गिर्द ही घूमती रही हैं।

सुखदेव भगत ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी जो भी कदम उठाते हैं या जो भी नीति बनाते हैं, उसका केंद्र नेहरू ही होते हैं। सच्चाई के साथ न चलने की वजह से ऐसी परिस्थितियां पैदा होती हैं। हमारी राष्ट्रीय विरासत राष्ट्र की है और वह राष्ट्र के साथ ही रहनी चाहिए।”

दरअसल, केंद्र सरकार ने सोनिया गांधी से जवाहरलाल नेहरू से संबंधित 51 कार्टन दस्तावेज वापस करने को कहा है। इस पूरे मामले पर संस्कृति मंत्रालय ने भी स्थिति स्पष्ट की है। मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि इन दस्तावेजों को लापता नहीं कहा जा सकता, क्योंकि यह स्पष्ट है कि वे कहां हैं और उन्हें वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्रालय ने यह भी दोहराया कि ये दस्तावेज राष्ट्र की दस्तावेजी विरासत का हिस्सा हैं और किसी की निजी संपत्ति नहीं हैं।

संस्कृति मंत्रालय ने बुधवार को जारी अपने बयान में बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के निजी दस्तावेज प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय (पीएमएमएल) से लापता नहीं हैं। मंत्रालय के अनुसार, ये सभी दस्तावेज पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के पास हैं। मंत्रालय ने बताया कि 29 अप्रैल 2008 को सोनिया गांधी के प्रतिनिधि एम.वी. राजन ने एक पत्र के जरिए अनुरोध किया था कि नेहरू के सभी निजी पारिवारिक पत्र और नोट्स उन्हें वापस दिए जाएं। इसके बाद 2008 में नेहरू पेपर्स के 51 बक्से सोनिया गांधी को सौंप दिए गए थे।

मंत्रालय का कहना है कि पीएमएमएल तब से लगातार सोनिया गांधी के कार्यालय के संपर्क में है और इन महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेजों की वापसी के लिए पत्राचार कर रहा है। इस मामले ने एक बार फिर राष्ट्रीय विरासत और ऐतिहासिक दस्तावेजों के संरक्षण को लेकर राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है।


इसको भी पढ़ें : यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची पर डीएम असंतुष्ट, फाइल लौटाई


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: