बोलता सच,कानपुर : कानपुर के घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव के मजरा शारदेपुर में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। शराब पीने को लेकर हुए विवाद में सुरेंद्र यादव उर्फ स्वामी ने अपनी पांच माह की गर्भवती पत्नी रूबी देवी (32) और ढाई साल के बेटे लवांश की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, सुरेंद्र यादव शराब पीने का आदी था और उसकी पत्नी रूबी देवी इसका लगातार विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। रविवार रात करीब नौ बजे सुरेंद्र शराब पीकर घर लौटा, जिस पर पत्नी ने आपत्ति जताई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सुरेंद्र ने धारदार हथियार से पत्नी की गर्दन पर और बेटे के सिर पर कई वार कर दोनों की मौके पर ही हत्या कर दी।
घटना के बाद जब देवर पप्पू घर पहुंचा तो खून से लथपथ पत्नी और मासूम बच्चे के शव जमीन पर पड़े देख उसके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही जेसीपी कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार, डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, एडीसीपी योगेश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार (बांका) भी बरामद कर लिया है।
डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला शराब पीने के विरोध से जुड़ा हुआ सामने आया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। आसपास के गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
इस दोहरे हत्याकांड से गांव के लोग स्तब्ध हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी ने मासूम बच्चे की हत्या करते समय भी एक बार नहीं सोचा। बताया गया कि सुरेंद्र कभी ट्रक में खलासी तो कभी मजदूरी करता था और जो भी कमाई होती, वह शराब में उड़ा देता था। इसी बात को लेकर पत्नी से उसका विवाद चलता रहता था।
परिजनों ने बताया कि रूबी देवी पांच माह की गर्भवती थी। इसके बावजूद सुरेंद्र की क्रूरता इतनी बढ़ गई कि उसने अपने ही परिवार को खत्म कर दिया। एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि सुरेंद्र की शादी वर्ष 2021 में फतेहपुर निवासी रूबी देवी से हुई थी। शादी के चार साल भी पूरे नहीं हो पाए और शराब की लत व गुस्से ने उसे इस हद तक हैवान बना दिया कि उसने पत्नी और बेटे की जान ले ली।
इसको भी पढ़ें : राजा भैया के पारिवारिक विवाद में नया मोड़: बेटी राघवी ने कार जलाने का लगाया आरोप, CCTV फुटेज साझा
➤ You May Also Like
























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































