Breaking News

इंडोनेशिया के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित हुए पीएम मोदी, कांग्रेस ने साधा निशाना

Bolta Sach News
|
Indonesia's highest honor

बोलता सच,नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिन्तांग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया’ से सम्मानित किया गया। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने भारत और इंडोनेशिया के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका की सराहना करते हुए यह सम्मान प्रदान किया। प्रधानमंत्री को मिले इस सम्मान पर जहां भाजपा और समर्थकों ने इसे भारत के लिए गौरव का क्षण बताया, वहीं कांग्रेस ने इस पर सवाल उठाते हुए राजनीतिक प्रतिक्रिया दी।

पवन खेड़ा ने किया कटाक्ष

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के विदेशी दौरों और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों को लेकर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि संभव है नरेंद्र मोदी इतिहास में ऐसे नेता के रूप में याद किए जाएं, जिन्होंने पुरस्कार और सम्मान हासिल करने के लिए दुनिया भर की यात्राओं पर करदाताओं के हजारों करोड़ रुपये खर्च किए।

पवन खेड़ा ने अपने पोस्ट में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र, साम्राज्यवाद-विरोधी विचारधारा और गुटनिरपेक्ष आंदोलन में उनके योगदान के कारण उनके निधन के दशकों बाद भी उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला।

नेहरू और बीजू पटनायक का भी किया जिक्र

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि जिस सम्मान को लेकर आज प्रधानमंत्री मोदी के समर्थक उत्साहित हैं, वही सम्मान वर्ष 1995 में पंडित जवाहरलाल नेहरू को मरणोपरांत भी प्रदान किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक को इंडोनेशिया के स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान के लिए इसी सम्मान से नवाजा गया था। पवन खेड़ा ने कहा कि उन नेताओं को यह सम्मान उनके ठोस योगदान के आधार पर मिला था।

शासन के आधार पर हो विरासत का मूल्यांकन

अपने बयान में पवन खेड़ा ने कहा कि किसी भी नेता की विरासत का आकलन केवल विदेशी सम्मानों की संख्या से नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि इस आधार पर होना चाहिए कि उसने शासन किस प्रकार किया, लोकतांत्रिक मूल्यों का कितना सम्मान किया और न्याय व संवैधानिक सिद्धांतों के प्रति उसकी कितनी प्रतिबद्धता रही। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी सरकार इस कसौटी पर खरा नहीं उतरती।

भारत-इंडोनेशिया संबंधों को मिला नया आयाम

प्रधानमंत्री मोदी का यह सम्मान ऐसे समय में मिला है जब भारत और इंडोनेशिया के बीच रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। दोनों देशों के बीच व्यापार, समुद्री सुरक्षा, रक्षा सहयोग और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में साझेदारी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री के सम्मान और उस पर आई राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के बाद यह मुद्दा राष्ट्रीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।


इसे भी पढ़े : ‘नितिन नवीन कौन हैं?’ से शुरू हुई सियासी बहस, पीएम मोदी और केजरीवाल के पोस्ट से बढ़ी भाजपा-AAP की तकरार


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: