बोलता सच,वाराणसी : सारनाथ थाना क्षेत्र में नर्सिंग की 20 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या के साथ दुष्कर्म और साक्ष्य मिटाने की धाराएं भी जोड़ दी हैं। पुलिस ने नामजद आरोपी मोहम्मद समीर को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बुधवार को छात्रा का शव एक बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला था। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया।
एडीसीपी वरुणा जोन लिपि नागयाच ने बताया कि दो चिकित्सकों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में छात्रा के निजी अंगों में गंभीर आंतरिक चोट और अत्यधिक रक्तस्राव पाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, गंभीर शारीरिक आघात के कारण उत्पन्न शॉक से आंतरिक दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और युवती की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था और छात्रा के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल के आधार पर मोहम्मद समीर को हिरासत में लिया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों और परिजनों की तहरीर के आधार पर अब मामले में दुष्कर्म और साक्ष्य मिटाने की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर छात्रा का मोबाइल फोन छिपाने का भी आरोप है। वहीं, जांच के दौरान छात्रा के गर्भवती होने या गर्भपात कराने संबंधी चर्चाओं को पुलिस ने निराधार बताया है।
क्या था मामला?
बुधवार सुबह सारनाथ क्षेत्र के एक बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर नर्सिंग की छात्रा का शव मिला था। घटनास्थल पर छात्रा के निजी अंगों से अत्यधिक रक्तस्राव होने के संकेत मिले थे। उसके बैग से कुछ दवाइयां और क्रीम भी बरामद हुई थीं, जबकि मोबाइल फोन गायब था।
पुलिस ने मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल खंगालने के बाद छात्रा के कॉलेज में पढ़ने वाले मोहम्मद समीर को हिरासत में लिया था। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़े : टीएमसी में बगावत के दावे से मचा सियासी हड़कंप, 20 सांसदों के एनसीपीआई में विलय की चर्चा
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































