Breaking News

एकतरफा प्यार में बना हैवान: शादी का दबाव ठुकराने पर डेढ़ साल के मासूम की हत्या, मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी

Bolta Sach News
|
One-sided love turned into a monster
बोलता सच,फिरोजाबाद। एकतरफा प्यार की सनक में एक युवक ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज युवक ने बदला लेने के लिए डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर शिकोहाबाद पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शनिवार को यादव कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई, जब डेढ़ वर्षीय आरव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली। जांच में सामने आया कि बदायूं के शेखूपुर निवासी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक मासूम को टॉफी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि उसने बच्चे को कई बार जमीन पर पटककर उसकी हत्या कर दी और शव को घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस जांच के दौरान पता चला कि आरव की मां रति की शादी करीब तीन वर्ष पहले बदायूं के सियारण नगर निवासी सुनीत के साथ हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते वह इन दिनों अपने मायके पक्ष के संपर्क में रह रही थी। आरोप है कि रिश्ते में देवर लगने वाला विराज लंबे समय से रति पर शादी करने का दबाव बना रहा था। रति द्वारा उसका प्रस्ताव ठुकराने पर वह नाराज था और इसी रंजिश में उसने मासूम आरव को निशाना बनाया।
घटना के समय रति अपनी मां पिंकी और बेटे आरव के साथ यादव कॉलोनी में रहने वाली पिंकी की सहेली पुष्पलता पाठक के घर आई हुई थी। पुष्पलता हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में घायल हुई थीं और उनका उपचार चल रहा था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। देर शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भूढ़ा भरथरा मोड़, मैनपुरी रोड पर घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में साक्ष्य जुटाने के साथ ही अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

इसे भी पढ़े : देवरिया : घरेलू विवाद में युवक की मौत, पत्नी समेत तीन पर हत्या का आरोप

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply