अब तक हथौड़ों से की जा रही तोड़फोड़ के बाद सोमवार को पहली बार बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया। कार्रवाई से पहले दालमंडी की गलियों में बैरिकेडिंग की गई। मौके पर पुलिस, प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई।
बुलडोजर पहुंचते ही दुकानदारों का विरोध
जैसे ही दुकानों और मकानों के ध्वस्तीकरण के लिए बुलडोजर पहुंचा, दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया। कई दुकानदार अपने मकानों के सामने खड़े हो गए। दुकानदार अदनान खान ने कहा कि प्रशासन दो महीने पहले जो बातें कह रहा था, वही आज भी दोहराई जा रही हैं। उनका कहना था कि प्रशासन का तर्क है कि मकान का नक्शा पास नहीं है और तय मानकों के अनुरूप निर्माण नहीं किया गया है, जबकि उनका दावा है कि भवन नियमों के खिलाफ नहीं है।
विरोध के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को समझाने का प्रयास किया। बातचीत के बाद अदनान खान ने खुद ही मकान तोड़ने पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि मकान उन्होंने बनाया है और वही इसे तोड़ेंगे। इसके बाद वह विभागीय कर्मचारियों के साथ तीसरे तल पर पहुंचे और खुद हथौड़ा चलाकर ध्वस्तीकरण की शुरुआत की।
मुख्तार खान के भवन पर चला बुलडोजर
दुकानदारों और मकान मालिकों के विरोध के बीच दोपहर बाद नई सड़क की ओर से लंगड़ा हाफिज मस्जिद के सामने स्थित मुख्तार खान के भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। पहले मजदूरों ने ऊपरी हिस्से को हथौड़ों से तोड़ा, इसके बाद बुलडोजर की मदद से प्रथम तल को गिराया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारी लगातार लोगों को दूर रहने की चेतावनी देते नजर आए। सुरक्षा के मद्देनजर राहगीरों और मीडियाकर्मियों को भी मकान के आसपास से हटा दिया गया। प्रशासन का कहना है कि दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
1 thought on “दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत बुलडोजर कार्रवाई शुरू, दुकानदारों ने किया विरोध”