Breaking News

कानपुर में महिला की संदिग्ध मौत, तीन महीने पहले किया था दूसरा निकाह, पति फरार

Bolta Sach News
|
Suspected murder of woman in Kanpur

बोलता सच,कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पनकी थाना क्षेत्र स्थित कांशीराम कॉलोनी के एक फ्लैट में सोमवार देर शाम 26 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। महिला के परिजनों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि घटना के बाद से पति फरार बताया जा रहा है। मृतका की पहचान दीपिका सैनी (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


पहले पति की सड़क हादसे में हुई थी मौत

मृतका के भाई आयुष के अनुसार, दीपिका की पहली शादी हरदोई निवासी ट्रक चालक खालिद से हुई थी। इस शादी से उसके दो बेटे—रूद्र (6 वर्ष) और अनिरुद्ध (3 वर्ष) हैं। करीब एक साल पहले सड़क हादसे में खालिद की मौत हो गई थी।


सोशल मीडिया से शुरू हुआ रिश्ता, तीन महीने पहले हुई शादी

पहले पति की मौत के बाद दीपिका की जान-पहचान पनकी क्षेत्र निवासी शिवम दुबे उर्फ शोएब उर्फ सौरभ दुबे से हुई। दोनों की दोस्ती फेसबुक के जरिए हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। इसके बाद 25 अक्टूबर 2025 को दोनों ने शादी कर ली थी और पनकी के इंक्लेव अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर किराए के फ्लैट में रह रहे थे। परिजनों के अनुसार, शोएब का पालन-पोषण कल्लन खां द्वारा किया गया था।


रोते हुए किया फोन, फिर काट दिया कॉल

मृतका के भाई आयुष ने बताया कि सोमवार देर शाम शोएब ने फोन कर रोते हुए बात की, लेकिन कारण पूछने पर उसने कॉल काट दी। अनहोनी की आशंका में जब परिजन फ्लैट पहुंचे तो देखा कि दीपिका का शव बेड पर पड़ा हुआ था। पुलिस को सूचना देने से पहले ही शोएब मौके से फरार हो गया।


शरीर पर मिले चोटों के निशान

परिजनों का आरोप है कि दीपिका के गले पर दुपट्टे से कसने के निशान थे। इसके अलावा दाहिनी आंख, अंगूठे और गले के आसपास चोट के गहरे निशान भी पाए गए। सूचना पर पनकी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।


घरेलू विवाद की आशंका

पनकी थाना पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद की बात सामने आई है। हालांकि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।


पुलिस का बयान

पनकी थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार पति शिवम उर्फ शोएब की तलाश की जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


इसको भी पढ़ें : गोरखपुर में सड़क किनारे युवक की संदिग्ध हालात में मौत, जहर खाने से पहले बनाया वीडियो


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: