बोलता सच,बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की 17 वर्षीय पूजा पाल ने अपनी प्रतिभा और नवाचार से पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया है। किसानों की समस्या को ध्यान में रखकर तैयार किए गए धूल रहित थ्रेसर के मॉडल ने उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने भी पूजा की उपलब्धियों की सराहना की है।
20 जुलाई को मुंबई में आयोजित एक सम्मान समारोह में पूजा पाल, उनके पिता पुत्तीलाल और उनके शिक्षक राजीव श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया। इस दौरान सचिन तेंदुलकर ने पूजा की संघर्ष से सफलता तक की प्रेरणादायक यात्रा सुनी और उनके प्रयासों की खुलकर प्रशंसा की।
सचिन तेंदुलकर ने कहा कि चुनौतियां ही इंसान की प्रतिभा को निखारती हैं। कठिनाइयों से घबराने के बजाय उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाना चाहिए। उन्होंने पूजा के शिक्षक राजीव श्रीवास्तव की भी सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह उनके जीवन में गुरु रमाकांत आचरेकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा, उसी तरह पूजा की सफलता में उनके शिक्षक की भूमिका भी बेहद अहम है।
बाराबंकी के सिरौसी गौसपुर ब्लॉक के गांव डलई का पुरवा की रहने वाली पूजा पाल एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता पुत्तीलाल दिहाड़ी मजदूर हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद पूजा ने तीन वर्ष पहले किसानों को थ्रेसिंग के दौरान उड़ने वाली धूल से होने वाली परेशानी को देखते हुए धूल रहित थ्रेसर का मॉडल विकसित किया, जिसे देशभर में सराहना मिली।
पूजा के इस नवाचार के चलते उन्हें जापान में आयोजित एक कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित कर चुकी हैं। जनवरी 2024 में वह राष्ट्रीय विज्ञान मेले में देश के 100 चयनित छात्रों में शामिल रहीं। जून 2025 में भारत सरकार ने उन्हें जापान भ्रमण पर भेजा और सितंबर 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक डॉक्यूमेंट्री में उनकी प्रेरणादायक कहानी को भी स्थान मिला।
हाल ही में इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट अंक हासिल करने वाली पूजा पाल का कहना है कि सचिन तेंदुलकर से मिलना उनके जीवन का सबसे यादगार पल रहा। उन्होंने बताया कि अब उनका सपना विज्ञान के क्षेत्र में और बड़े शोध एवं नवाचार कर ऐसी तकनीक विकसित करना है, जो किसानों और समाज के लिए उपयोगी साबित हो सके।
इसे भी पढ़े : मेडिकल पढ़ाई को लेकर हुआ विवाद बना मौत की वजह! पति की हत्या में पत्नी गिरफ्तार, खुद दर्ज कराई थी FIR
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.













































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































