Breaking News

देवरिया में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार, आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

Bolta Sach News
|
Vehicle theft gang busted in Deoria
बोलता सच,देवरिया। देवरिया पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम को वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे और निशानदेही पर कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर मोटरसाइकिलों को विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखते थे और बाद में उन्हें बेच देते थे।
बुधवार तड़के कोतवाली पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने चीनी मिल ग्राउंड के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र निवासी सुमित कुमार तथा गोपालगंज जिले के भोरे बाजार थाना क्षेत्र निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने सुमित के कब्जे से एक चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस और विकास के पास से दूसरी चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य मोटरसाइकिलों के बारे में भी जानकारी दी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चीनी मिल गेट के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई छह अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों में हीरो सुपर स्प्लेंडर, हीरो पैशन प्रो, सुपर स्प्लेंडर, हीरो स्प्लेंडर तथा दो हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिलें शामिल हैं। जांच के दौरान कुछ वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगी मिलीं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद मोटरसाइकिलों से संबंधित चोरी के कई मुकदमे देवरिया कोतवाली समेत बिहार के विभिन्न थानों में पहले से दर्ज हैं। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और उनके अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चोरी के वाहन किन-किन क्षेत्रों में बेचे जाते थे और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
अधिकारियों ने बताया कि वाहन चोरी के गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक स्वामियों की पहचान कर उन्हें विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद वाहन सुपुर्द किए जाएंगे।

इसे भी पढ़े : मन की बात में बोले पीएम मोदी: गंगा डॉल्फिन बचाना सिर्फ एक जीव नहीं, पूरी जैव विविधता की रक्षा है


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: