बोलता सच,गोरखपुर : शाहपुर थाना क्षेत्र के बिछिया जंगल तुलसीराम स्थित मल्लाह टोला निवासी 27 वर्षीय बजरंगी निषाद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गोरखपुर में लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। बाबा धाम गए युवक का शव घर पहुंचने के बाद शनिवार सुबह परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और स्कूल आने-जाने वाले बच्चों समेत राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही कौवाबाग चौकी और शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद यातायात सामान्य कराया गया।
3 अगस्त को कांवड़ लेकर गया था बाबा धाम
जानकारी के अनुसार, बजरंगी निषाद 3 अगस्त को मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ कांवड़ लेकर देवघर स्थित बाबा धाम गया था। 5 अगस्त की शाम बांका जिले के कटोरिया-देवघर कांवड़िया पथ पर एक तालाब में उसका शव मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और पहचान कराने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, मृतक के पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला था। काफी प्रयास के बाद उसकी पहचान गोरखपुर निवासी बजरंगी निषाद के रूप में हुई। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को गोरखपुर भेजा गया।
साथियों ने बताया- पीछे छूट गया था बजरंगी
परिजनों के मुताबिक, बाबा धाम यात्रा के दौरान बजरंगी अपने साथियों के साथ चल रहा था। उसके साथ गए लोगों ने बताया कि यात्रा के दौरान वह पीछे छूट गया था। साथियों ने उसे तलाशने की कोशिश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। बाद में उसकी मौत की खबर मिली।
शव के चेहरे पर चोट के निशान मिलने की बात भी सामने आई है। इसी वजह से परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, अभी तक किसी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
पांच महीने की गर्भवती है पत्नी
बजरंगी तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि पिता का निधन करीब दो वर्ष पहले हो गया था। करीब 15 महीने पहले उसकी शादी हुई थी। उसकी पत्नी पांच महीने की गर्भवती है।
पत्नी ने बताया कि दोनों ने संतान होने के बाद बच्चे के साथ बाबा धाम जाने की मन्नत मांगी थी। गर्भावस्था के कारण वह इस बार यात्रा पर नहीं जा सकीं, जबकि बजरंगी अपनी मन्नत पूरी करने के लिए बाबा धाम गया था। पति की मौत की खबर के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
शाहपुर पुलिस के अनुसार, घटना झारखंड के बांका जिले के क्षेत्र में हुई है, इसलिए संबंधित स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। गोरखपुर पुलिस ने बताया कि परिजनों और स्थानीय लोगों को समझाकर दाह संस्कार के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शव का पोस्टमार्टम हो चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह और शरीर पर मिले चोट के निशानों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इसे भी पढ़े : महबूबा मुफ्ती बोलीं- जेल जाना पड़ा तो भी नहीं रुकेंगे, अनुच्छेद 370 की बहाली के लिए जारी रहेगा संघर्ष
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































