बोलता सच,नई दिल्ली : भारत के आर्मी चीफ जनरल धीरज सेठ आज नेपाल की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होंगे। काठमांडू पहुंचने पर सोमवार को उन्हें विशेष सम्मान दिया जाएगा। नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल उन्हें नेपाली सेना के जनरल की मानद रैंक प्रदान करेंगे। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब नेपाल में बालेन शाह के नेतृत्व में नई सरकार सत्ता में है और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर कई स्तरों पर चर्चा चल रही है। जनरल धीरज सेठ का यह दौरा दोनों देशों के बीच सैन्य संबंधों और रणनीतिक सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यात्रा के दौरान वह नेपाल की शीर्ष राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व से मुलाकात करेंगे।
30 जून को संभाली सेना प्रमुख की जिम्मेदारी
जनरल धीरज सेठ ने 30 जून को भारतीय सेना के 31वें प्रमुख के रूप में पदभार संभाला था। नेपाली सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिगदेल के निमंत्रण पर वह नेपाल की यात्रा कर रहे हैं। दौरे के दौरान दोनों सेना प्रमुखों के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसमें दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग, आपसी संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। जनरल सेठ नेपाल के शीर्ष नेतृत्व के साथ भी उच्चस्तरीय बैठकें करेंगे।
नेपाली सेना के जनरल की मानद रैंक
नेपाल यात्रा के दौरान जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना के जनरल की मानद रैंक प्रदान की जाएगी। यह भारत और नेपाल के बीच दशकों पुरानी विशेष सैन्य परंपरा का हिस्सा है। परंपरा के अनुसार दोनों देशों के सेना प्रमुखों को एक-दूसरे की सेना में मानद जनरल की उपाधि दी जाती है। इसकी शुरुआत वर्ष 1950 में हुई थी। नेपाल के सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिगदेल को भी दिसंबर 2024 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारतीय सेना के जनरल की मानद रैंक प्रदान की थी।
बालेन शाह सरकार के बाद पहला बड़ा भारतीय दौरा
27 मार्च को बालेन शाह के सत्ता संभालने के बाद जनरल धीरज सेठ नेपाल का दौरा करने वाले पहले वरिष्ठ भारतीय अधिकारी होंगे। ऐसे समय में यह यात्रा खास महत्व रखती है, जब दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही है। इससे पहले भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री का काठमांडू दौरा प्रस्तावित था, लेकिन किन्हीं कारणों से उनकी यात्रा टाल दी गई थी।
सैन्य संबंधों को मजबूत करने पर जोर
भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सैन्य संबंध लंबे समय से मजबूत रहे हैं। दोनों देशों की सेनाओं के बीच नियमित संयुक्त अभ्यास, प्रशिक्षण और उच्चस्तरीय यात्राओं का सिलसिला जारी रहता है। ऐसे में जनरल धीरज सेठ की नेपाल यात्रा को दोनों देशों के सैन्य सहयोग को आगे बढ़ाने और नई नेपाली सरकार के साथ भारत के संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़े : स्वतंत्रता दिवस पर CM योगी का बड़ा संदेश, बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’ और देश का ग्रोथ इंजन
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































