Breaking News

संसद में साधु वेश में प्रदर्शन पड़ा भारी? सांसद पप्पू यादव के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत

Bolta Sach News
|
Demonstration in Parliament in the guise of a monk

बोलता सच,नई दिल्ली : निर्दलीय सांसद पप्पू यादव (राजेश रंजन) के खिलाफ दिल्ली के जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता सूर्य मैथिल ने आरोप लगाया है कि संसद परिसर में किए गए उनके विरोध-प्रदर्शन से हिंदू धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, संसद परिसर में पप्पू यादव द्वारा किए गए प्रदर्शन का तरीका और उसकी प्रस्तुति आपत्तिजनक थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस प्रदर्शन से धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुंची है और इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

साधु के वेश में किया था प्रदर्शन

शुक्रवार को पप्पू यादव साधु के वेश में संसद परिसर पहुंचे थे। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोपों और 20 जुलाई को छात्रों के संसद मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान संसद के मकर द्वार के सामने दान पेटियां रखी गईं। पप्पू यादव साधु के वेश में पेटियों के पास बैठे, जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य विपक्षी सांसदों ने प्रतीकात्मक रूप से उन पेटियों में चढ़ावा डाला। इसके बाद पप्पू यादव ने उन पैसों को अपनी जेब में रखा, जिसे विपक्ष ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के आरोपों का प्रतीकात्मक प्रदर्शन बताया।

कई विपक्षी नेता रहे मौजूद

इस प्रदर्शन में प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद और धर्मेंद्र यादव, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माजी समेत कई विपक्षी सांसद शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान सांसद एक बैनर के पीछे खड़े थे, जिस पर लिखा था— “अमित शाह सदन से गायब क्यों?”

जांच जारी

फिलहाल पुलिस शिकायत की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। अभी इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शिकायत पर आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर तय की जाएगी।


इसे भी पढ़े : सावन पर अखिलेश यादव की कविता और केदारेश्वर धाम का वीडियो चर्चा में, सोशल मीडिया पर छिड़ी सियासी बहस


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: