Breaking News

तालकटोरा कर्बला से चोरी हुआ बेशकीमती घोड़ा बरामद, उन्नाव से एक आरोपी गिरफ्तार

Bolta Sach News
|
Talkatora was stolen from Karbala
बोलता सच,लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तालकटोरा कर्बला से चोरी हुआ बेशकीमती ईरानी नस्ल का घोड़ा पुलिस ने बरामद कर लिया है। तालकटोरा पुलिस ने उन्नाव के मौरावां इलाके से घोड़े को सकुशल बरामद करते हुए इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, घोड़े की चोरी की सूचना मिलने के बाद तालकटोरा थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। घोड़े की तलाश में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक व्यक्ति घोड़े को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश तेज कर दी गई। लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलमान उर्फ छोटू के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि वह घोड़े को उन्नाव के मौरावां क्षेत्र में बेच चुका है। इसके बाद तालकटोरा पुलिस की टीम रात करीब तीन बजे उन्नाव पहुंची और आरोपी के बताए गए स्थान से घोड़े को बरामद कर लिया। आरोपी का एक साथी अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने बरामद घोड़े को उसके मालिक को सौंप दिया है। घोड़ा मिलने के बाद पीड़ित पक्ष ने राहत की सांस ली और पुलिस व मीडिया का आभार जताया। पीड़ित ने भविष्य में घोड़े की सुरक्षा को लेकर कर्बला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने और दिन-रात सुरक्षा गार्ड की तैनाती की मांग भी की है। इनाम की घोषणा को लेकर पुलिस का कहना है कि इनाम किसे दिया जाएगा, इसका निर्णय जांच के बाद किया जाएगा।
गौरतलब है कि यह घोड़ा न केवल आर्थिक रूप से बेशकीमती है, बल्कि शिया समुदाय की धार्मिक आस्था से भी जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि इस ईरानी नस्ल के घोड़े को उत्तराखंड से करीब साढ़े चार लाख रुपये में खरीदा गया था। चोरी के बाद से शिया समुदाय के लोगों में गहरी चिंता और मायूसी थी, और घोड़े की सकुशल वापसी के लिए दुआएं की जा रही थीं।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पहले घोड़ा मालिक के यहां काम करता था और इसी का फायदा उठाकर उसने घोड़े की चोरी की थी। आरोपी ने घोड़े को मात्र डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया था। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।

इसको भी पढ़ें : नए साल से पहले काशी में आस्था का सैलाब: एक दिन में तीन लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन, धाम में महाशिवरात्रि जैसा नजारा


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply