भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समाज का ऐसा कोई वर्ग नहीं बचा है, जिसे राजकुमार भाटी ने अपने बयानों से अपमानित न किया हो। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी ब्राह्मण समाज, कभी महिलाओं और कभी जाट एवं गुर्जर समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया गया है।
पंकज चौधरी ने कहा कि सपा का तथाकथित समाजवाद केवल छलावा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या समाज को बांटने वाली राजनीति ही सपा का समावेशी विकास मॉडल है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब इस “नकली समाजवाद” को अच्छी तरह समझ चुकी है।
उन्होंने विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा का नारा भी दोहराया और कहा, “27 में सपा साफ।” भाजपा नेताओं का दावा है कि पार्टी 2017 की तरह ही 2027 में भी बड़ी जीत दर्ज करेगी।
दरअसल, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब सपा नेता राजकुमार भाटी ने जवाहर भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दोहे के माध्यम से ब्राह्मण समाज को लेकर टिप्पणी की। यह कार्यक्रम डॉ. रफरफ शकील अंसारी और जावेद अनवर की पुस्तक ‘जाति और साम्प्रदायिकता के विषाणु’ के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित किया गया था। उनके बयान के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया और भाजपा ने इसे मुद्दा बना लिया।
इसी दौरान पंकज चौधरी ने ईंधन बचत को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का समर्थन किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी सरकारी फ्लीट में वाहनों की संख्या कम कर दी है और अब केवल दो गाड़ियों के साथ ही दौरा करेंगे।
उन्होंने लोगों से सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग अपनाने की अपील करते हुए कहा कि ईंधन बचाना राष्ट्रहित में जरूरी है। भाजपा नेता ने इसे जन-आंदोलन बताते हुए आम जनता से भी इसमें भागीदारी करने का आग्रह किया।