Breaking News

गोरखपुर में दंपति की संदिग्ध मौत से सनसनी, पति फंदे पर लटका मिला, गर्भवती पत्नी बेड पर मृत

Bolta Sach News
|
Suspicious death of couple in Gorakhpur
बोलता सच,गोरखपुर : गोरखपुर के उरुवा थाना क्षेत्र में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। कमरे के अंदर पति का शव पंखे से लटका मिला, जबकि पत्नी बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थी। महिला के मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय शादाब का निकाह मुंबई निवासी 23 वर्षीय निकहत से करीब एक साल पहले हुआ था। शादी के बाद निकहत अपने पति के साथ गांव में रहने आई थी। परिजनों का कहना है कि मुंबई के आधुनिक माहौल में पली-बढ़ी निकहत को गांव के परिवेश में ढलने में दिक्कत हो रही थी, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

मंगलवार रात दोनों ने परिवार के साथ खाना खाया और अपने कमरे में सोने चले गए। बुधवार सुबह जब काफी देर तक दोनों कमरे से बाहर नहीं आए तो परिजनों को शक हुआ। कई बार आवाज देने और फोन करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार वालों ने दरवाजा तोड़ा।

कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। शादाब का शव सीलिंग फैन से लटका हुआ था, जबकि निकहत बेड पर पड़ी थी और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के मुताबिक निकहत दो माह की गर्भवती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

दिनेश पुरी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अन्य संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि महिला द्वारा किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के संबंध सामान्य नहीं थे और दोनों मानसिक तनाव में रह रहे थे। दोनों के मोबाइल फोन लॉक हैं, जिन्हें खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।


Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply