Breaking News

मुरादाबाद बाल संप्रेक्षण गृह से पांच किशोर फरार, सुरक्षा में लापरवाही पर 11 नामजद

Bolta Sach News
|
Five from Moradabad Child Protection Home
बोलता सच,मुरादाबाद : मुरादाबाद स्थित राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह (बच्चा जेल) से रविवार देर रात एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई है। रात करीब दो बजे पांच किशोर बंदी ताला तोड़कर छत के रास्ते फरार हो गए। मामले को गंभीर मानते हुए संप्रेक्षण गृह के प्रभारी अधीक्षक मुकेश कुमार चौधरी ने सुरक्षा में तैनात कर्मियों सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
प्रभारी अधीक्षक के अनुसार एफआईआर में पांचों फरार किशोरों के साथ-साथ एक कांस्टेबल, तीन होमगार्ड और दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को नामजद किया गया है। सभी पर ड्यूटी में लापरवाही का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने तत्काल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी और किशोरों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
संप्रेक्षण गृह प्रशासन का कहना है कि किशोरों ने अपने कमरे का ताला तोड़ा, इसके बाद छत पर चढ़े और वहां से कूदकर फरार हो गए। पुलिस की सक्रियता के चलते दो किशोरों को बरामद कर लिया गया है, जबकि तीन किशोर अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
प्रभारी अधीक्षक मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि घटना के समय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुमित कुमार और रोहित, सिपाही रविंद्र कुमार तथा होमगार्ड केशव कुमार, महेश पाल सिंह और आदेश कुमार सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक सामने आई है।
फरार किशोरों में अमरोहा के धनौरा थाना क्षेत्र के दो, उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के आईटीआई थाना क्षेत्र के दो और मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र का एक किशोर शामिल है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही शेष किशोरों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। इस घटना के बाद संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं और प्रशासनिक स्तर पर भी जांच की तैयारी की जा रही है।

इसको भी पढ़ें : पूर्वांचल में दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, वाराणसी–गोरखपुर–बलिया–मऊ होंगे आपस में जुड़े


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: