Breaking News

देवरिया में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक से डायल 112 का दिया संदेश

Bolta Sach News
|
Road safety in Deoria
बोलता सच,देवरिया : देवरिया में सड़क हादसों पर रोक लगाने और आपातकालीन सेवाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। डायल 112 मुख्यालय और जनपद पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को “जागरूकता की बात, जन-जन के साथ” कार्यक्रम के तहत थाना कोतवाली क्षेत्र में नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया।
इस अभियान का मुख्य मकसद आम नागरिकों को यूपी पुलिस की डायल 112 सेवा के महत्व और उपयोग के बारे में जानकारी देना था। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया कि सड़क दुर्घटना, महिला सुरक्षा या किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर तुरंत कॉल कर त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है, जिससे कीमती जानें बचाई जा सकती हैं।
कार्यक्रम में यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। नाटक के जरिए लोगों को तेज रफ्तार से वाहन न चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं, बच्चियों और छात्राओं को किसी भी संकट की स्थिति में बिना डर डायल 112 पर संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
यह जागरूकता अभियान चीनी मिल ग्राउंड, सोनूघाट चौराहा, रुद्रपुर मोड़ समेत कई प्रमुख और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने नुक्कड़ नाटक देखा और पुलिस की पहल की सराहना की।
इस मौके पर डायल 112 के प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार बाजपेयी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि डायल 112 सेवा 24 घंटे सक्रिय रहती है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद के लिए तैयार रहती है। कार्यक्रम के दौरान “नंबर एक 112, सेवाएं अनेक” और “शहर हो या देहात, दिन हो या रात—UP112 है आपके साथ” जैसे संदेशों के जरिए लोगों का भरोसा मजबूत करने का प्रयास किया गया।
यह अभियान पुलिस और आमजन के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इसको भी पढ़ें : देवरिया में साइबर ठगी: जन सेवा केंद्र संचालक के खाते में 16 लाख रुपये मंगवाए, तीन आरोपी नामजद


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “देवरिया में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक से डायल 112 का दिया संदेश”

Leave a Reply

error: