Breaking News

योगी आदित्यनाथ का बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में गरजा भाषण, तृणमूल कांग्रेस पर साधा निशाना

Bolta Sach News
|
Yogi Adityanath's Barabani
बोलता सच,पश्चिम बंगाल : लखनऊ से पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में उतरे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अरिजीत रॉय के समर्थन में वोट करने की अपील की।
जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी, जहां लोग मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए। सभा स्थल के अलावा आसपास के घरों की छतों, वाहनों और पेड़ों पर भी लोग चढ़े दिखाई दिए। अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), कांग्रेस और वामपंथी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने पश्चिम बंगाल को भ्रष्टाचार, भय और अराजकता की ओर धकेल दिया है। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि “टीएमसी के गुंडों, माफियाओं या किसी भी प्रकार के दबाव से डरने की जरूरत नहीं है। यदि प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार आती है, तो सभी समस्याओं का समाधान तेजी से होगा।” उन्होंने कहा कि भाजपा ही सुरक्षा, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की गारंटी देती है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन में सैंड माफिया, कोल माफिया और लैंड माफिया का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के लिए आने वाला पैसा भी सही तरीके से जनता तक नहीं पहुंच पाता। उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता, खासकर युवाओं और महिलाओं के सामने भय का माहौल बना दिया गया है।
अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले यूपी में भी कानून व्यवस्था की स्थिति खराब थी, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद हालात पूरी तरह बदल गए। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल है।
उन्होंने अयोध्या राम मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के प्रयासों से यह संभव हो सका, जिसे विपक्षी दल नहीं रोक पाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि “मोदी हैं तो मुमकिन है।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा बंगाल में दंगा, कर्फ्यू और अराजकता को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने गो-तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर भी चिंता जताई और कहा कि भाजपा सरकार बनने पर इन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने बंगाल के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह भूमि स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महान व्यक्तित्वों की रही है, जिन्होंने देश को नई दिशा दी।
सभा के अंत में उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी अरिजीत रॉय को विजयी बनाने की अपील की और कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर पश्चिम बंगाल को फिर से विकास और समृद्धि के रास्ते पर लाया जाएगा।

इसे भी पढ़े : नई दिल्ली में सियासी हलचल—राघव चड्ढा की Z+ सुरक्षा हटी, AAP से मतभेद गहराए


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply