बोलता सच,पटना : बिहार की राजनीति में नई हलचल के बीच निशांत कुमार ने रविवार को अपनी पहली राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की। वे पटना से पश्चिम चम्पारण (बगहा) के लिए रवाना हुए। हालांकि उनकी आधिकारिक ‘सद्भावना यात्रा’ बगहा पहुंचने के बाद शुरू होगी, लेकिन पटना से निकली यात्रा को ही इतना भव्य बना दिया गया कि लोग इसे ही यात्रा की शुरुआत मानने लगे।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने इस पूरे आयोजन को मेगा इवेंट का रूप दे दिया। रास्ते भर समर्थकों का उत्साह देखने को मिला। हाजीपुर में बुलडोजर से फूल बरसाए गए और जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित हुए, जिससे माहौल पूरी तरह राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदल गया।
निशांत कुमार ने पटना में कहा कि यह उनकी पहली राजनीतिक यात्रा है। इस दौरान उनके समर्थन में नारे लगे और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखा। राजनीतिक गलियारों में इसे उनकी औपचारिक एंट्री और भविष्य की बड़ी भूमिका के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
बगहा का ऐतिहासिक महत्व भी इस यात्रा को खास बनाता है। महात्मा गांधी ने 1917 में चम्पारण आंदोलन की शुरुआत इसी क्षेत्र से की थी। इसके अलावा नीतीश कुमार ने भी 2009 में अपनी विकास यात्रा यहीं से शुरू की थी। हाल के वर्षों में तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर भी इस क्षेत्र से अपनी राजनीतिक यात्राएं शुरू कर चुके हैं।
बगहा पहुंचकर निशांत कुमार गांधी की कर्मभूमि को नमन करेंगे और जनसंवाद कार्यक्रम के जरिए लोगों और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। जदयू के कार्यकर्ताओं के बीच लंबे समय से उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देने की मांग उठती रही है।
हालांकि, संकेत मिल रहे हैं कि निशांत कुमार जल्दबाजी के बजाय धीरे-धीरे अपनी राजनीतिक भूमिका को आगे बढ़ाना चाहते हैं। वे चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ते हुए सुरक्षित और मजबूत तरीके से अपनी मंजिल हासिल करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
इसे भी पढ़े : IPL सट्टेबाजी में कर्ज से टूटे प्रॉपर्टी डीलर ने 11वीं मंजिल से लगाई छलांग, सुसाइड नोट मिला
➤ You May Also Like




































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































