Breaking News

देवरिया: बीआरडी पीजी कॉलेज में बीएड प्रवेश शुल्क को लेकर विवाद, छात्रों ने डीएम से की जांच और कार्रवाई की मांग

Bolta Sach News
|
Deoria BRD PG College
बोलता सच,देवरिया : बीआरडी पीजी कॉलेज, देवरिया में बीएड सत्र 2026 की प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अतिरिक्त शुल्क वसूली के आरोपों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शुक्रवार शाम छात्रों ने जिलाधिकारी (डीएम) को शिकायती पत्र सौंपकर कॉलेज प्रशासन पर निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त धनराशि वसूलने का आरोप लगाया और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

छात्रों का कहना है कि उन्होंने यूपी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 की काउंसलिंग प्रक्रिया के तहत निर्धारित ऑनलाइन शुल्क पहले ही जमा कर दिया है, जिसमें काउंसलिंग शुल्क और कॉलेज शुल्क दोनों शामिल हैं। इसके बावजूद कॉलेज प्रशासन, बीएड विभाग और अकाउंट सेक्शन की ओर से प्रत्येक छात्र से 5,250 रुपये अतिरिक्त जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है।

शिकायत के अनुसार, कॉलेज प्रशासन का कहना है कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी ने पिछले दो वर्षों से कॉलेज को शुल्क हस्तांतरित नहीं किया है। छात्रों का आरोप है कि यह विश्वविद्यालय और कॉलेज के बीच का प्रशासनिक एवं वित्तीय मामला है, जिसका बोझ छात्रों पर नहीं डाला जाना चाहिए।

छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि अतिरिक्त शुल्क जमा न करने पर सोमवार तक प्रवेश निरस्त करने की चेतावनी दी गई है। उनका कहना है कि विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया, जिससे छात्र मानसिक रूप से परेशान हैं।

जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में छात्रों ने मांग की है कि अतिरिक्त शुल्क की कथित अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए, किसी भी छात्र का प्रवेश रद्द न किया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: