Breaking News

राहुल गांधी के भाषण पर सियासी संग्राम, हरदीप पुरी और किरेन रिजिजू का पलटवार

Bolta Sach News
|
Politics on Rahul Gandhi's speech
बोलता सच,नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बजट चर्चा के दौरान दिए गए भाषण के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने उनके बयान को बेबुनियाद बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। पुरी ने कहा कि देश में दो तरह के नेता होते हैं—एक वे जो जिम्मेदारी लेकर राष्ट्र निर्माण में जुटते हैं और दूसरे वे जो आरोप लगाकर सदन से चले जाते हैं। उन्होंने बिना नाम लिए तंज कसते हुए कहा कि कुछ नेता अपनी ही स्पीच के बाद सदन छोड़ देते हैं।

पुरी ने कहा कि मजबूत नेतृत्व के कारण भारत 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से आगे बढ़ते हुए तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने एपस्टीन फाइल्स में अपने नाम को लेकर भी सफाई दी। पुरी ने स्पष्ट किया कि उनका नाम किसी भी आपराधिक गतिविधि से जुड़ा नहीं है। नवंबर 2014 में वे एक निजी नागरिक के रूप में अमेरिका में लिंक्डइन के संस्थापक रीड हॉफमैन से मिले थे और डिजिटल इंडिया व मेक इन इंडिया जैसे कार्यक्रमों के संदर्भ में संवाद हुआ था।

उन्होंने कहा कि एपस्टीन फाइल्स आपराधिक मामलों से संबंधित हैं और उनका उन घटनाओं से कोई लेना-देना नहीं है। पुरी ने बताया कि सार्वजनिक रूप से जारी लाखों ईमेल में उनका नाम केवल कुछ बार ही आया है और वे 2009 से 2017 तक न्यूयॉर्क में भारत के स्थायी प्रतिनिधि रहे।

बजट चर्चा के दौरान राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों को पुरी ने तथ्यहीन बताया। उन्होंने कहा कि भारत की जीडीपी का बड़ा हिस्सा बाहरी क्षेत्र से जुड़ा है और अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौते देश के लिए आवश्यक हैं।

वहीं, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस लाएगी। रिजिजू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने बिना नोटिस और बिना प्रमाण गंभीर आरोप लगाए, जो संसदीय नियमों के विरुद्ध है।

राहुल गांधी ने अपने भाषण में एपस्टीन फाइल्स के साथ-साथ अडानी और अंबानी का भी उल्लेख किया, जिस पर सदन में हंगामा हुआ। स्पीकर के हस्तक्षेप के बाद उन्होंने उस विषय पर आगे चर्चा नहीं करने की बात कही। इस पूरे घटनाक्रम के बाद संसद के भीतर और बाहर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: