बोलता सच,देवरिया : देवरिया के लार थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार, यह शराब बिहार ले जाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन समेत शराब की खेप को कब्जे में ले लिया।
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि पटनेजी पुल वाले बंधे के रास्ते एक पिकअप वाहन से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के बाद लार थाना पुलिस ने इलाके में जांच और घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान टाटा योद्धा पिकअप वाहन संख्या BR 28 GA 7840 को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में शराब लदी मिली।
बरामद शराब में 140 पेटी बंटी बबली देशी शराब शामिल है। इसमें 200 एमएल के कुल 6300 पाउच मिले, जिनकी कुल मात्रा लगभग 1260 लीटर बताई गई है। इसके अलावा 30 पेटी ऑफिसर चॉइस अंग्रेजी शराब के 180 एमएल वाले 1440 पाउच, यानी करीब 260 लीटर शराब बरामद हुई। साथ ही 8 पेटी बडवाइजर बीयर के 500 एमएल वाले 192 केन भी जब्त किए गए, जिनकी कुल मात्रा लगभग 96 लीटर है।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने बरामद शराब और वाहन को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और पूरे गिरोह का पता लगाने में जुटी है।
इसे भी पढ़े : देवरिया : पथरदेवा में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































