बोलता सच,गोरखपुर। जिले के चौरी-चौरा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने आरोप लगाया है कि उसे बहला-फुसलाकर पहले हरियाणा और फिर राजस्थान में शादी के लिए मजबूर किया गया। गर्भवती होने के बाद उसका गर्भपात करा दिया गया और बाद में उसकी तीसरी शादी कराने की तैयारी की जा रही थी। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर युवती ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता, जो चौरी-चौरा थाना क्षेत्र की निवासी है, ने बताया कि गांव की दो महिलाएं, जिनकी शादी हरियाणा में हुई है, करीब दो वर्ष पहले उसे काम दिलाने के बहाने अपने साथ ले गई थीं। युवती के अनुसार, उसके माता-पिता आर्थिक रूप से कमजोर हैं, इसलिए वह उनके साथ चली गई। आरोप है कि हरियाणा पहुंचने के बाद उसकी मर्जी के बिना उसकी शादी रवि नामक युवक से करा दी गई।
युवती का कहना है कि विवाह के बाद उसका जीवन बेहद कठिन हो गया। उसका पति शराब के नशे में मारपीट करता था और उसके साथ जबरन संबंध बनाता था। परेशान होकर उसने अपनी आपबीती गांव की उन दोनों महिलाओं को बताई, जिन्होंने उसे अपने पास रख लिया। इसके बाद उसकी दूसरी शादी राजस्थान के झुंझुनूं निवासी राजेश नामक युवक से करा दी गई।
पीड़िता के अनुसार, दूसरी शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था और वह गर्भवती भी हो गई थी। इसी बीच दोनों महिलाओं ने बताया कि उसका पहला पति उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। यह जानकारी मिलने पर दूसरे पति ने उसका गर्भपात करा दिया और मारपीट कर घर से निकाल दिया।
युवती ने बताया कि जब वह दोबारा उन महिलाओं के पास पहुंची तो उसे पता चला कि वे उसकी तीसरी शादी कराने की तैयारी कर रही हैं। इससे उसे शक हुआ कि कहीं न कहीं यह पूरा मामला किसी संगठित गिरोह से जुड़ा हो सकता है। इसके बाद वह किसी तरह वहां से भागकर अपने गांव लौट आई।
पीड़िता का आरोप है कि उसने चौरी-चौरा थाने में शिकायत दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने एसएसपी से मिलकर पूरे मामले की जानकारी दी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले में पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इसे भी पढ़े : देवरिया : अवतार नशा मुक्ति केंद्र में दो मौतों का मामला: दो और आरोपी गिरफ्तार, तीन पहुंच चुके जेल
➤ You May Also Like












































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































