Breaking News

कुशीनगर में तीन बच्चियों का अपहरण, 6 घंटे बाद मिलीं

Bolta Sach News
|
कुशीनगर में तीन बच्चियों
बोलता सच : कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को तीन मासूम बच्चियों का एक अज्ञात बाइक सवार ने चॉकलेट दिलाने के बहाने अपहरण कर लिया। एक बच्ची ने बताया- अंकल ने गाड़ी रोकी और कहा कि चलो दुकान से चॉकलेट दिलाकर घर छोड़ दूंगा। सबसे छोटी आगे बैठ गई, हम पीछे बैठ गए। लेकिन गाड़ी मोड़कर जब वो दूर ले जाने लगा तो हम रोने लगे, तब वह डांटने लगा।
बच्चियों के घर न पहुंचने पर परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की 15 से अधिक टीमें सक्रिय हो गईं। उधर, बच्चियों के रोने और विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें अपहरण स्थल से करीब 23 किमी दूर हाटा थाना क्षेत्र के रामपुर पौटवा गांव में छोड़ दिया और भाग निकला।
मां ने बताई बच्चियों की आपबीती
बच्चियों की मां ने बताया- बच्चियों ने बताया कि आरोपी ने पहले उन्हें घर छोड़ने की बात कहकर बाइक पर बैठाया। जब वह दूर ले जाने लगा तो बच्चियां रोने लगीं। पहले दो को पैसे दिए, लेकिन उन्होंने फेंक दिए, तब आरोपी ने डांटा और मारा भी। वह उन्हें कहीं उतारा नहीं, सीधे दूर लेकर चला गया और फिर छोड़कर फरार हो गया।
बाइक पर तीन बच्चियों को देख ग्रामीण ने दी सूचना
घटनास्थल से लगभग 23 किमी दूर रामपुर पौटवा गांव में चाय पीने आए एक युवक ने तीन बच्चियों को रोते देखा। उसने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चियों को सुरक्षित बरामद किया। हालांकि घटना के 48 घंटे बीतने के बाद भी आरोपी फरार है।
बच्चा चोर गैंग की आशंका, गांव में डर
दिनदहाड़े तीन बच्चियों के अपहरण की घटना से ग्रामीणों में दहशत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह किसी संगठित बच्चा चोर गैंग का काम हो सकता है। जो व्यक्ति तीन बच्चों को एकसाथ इतनी चुपचाप उठा सकता है, वह अकेला नहीं हो सकता। माता-पिता बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, खासकर वे बच्चे जो रोजाना 4-5 किमी दूर स्कूल जाते हैं।
पुलिस की कई टीमें गठित, आरोपी की तलाश जारी
इस मामले में कप्तानगंज थाना प्रभारी ने बताया- मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बच्चियां अभी कुछ ज्यादा बता नहीं पा रही हैं, लेकिन गांव के संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी होगी। चॉकलेट और गाड़ी की सवारी का लालच देकर बच्चियों को बहलाया गया होगा। स्वाट, सर्विलांस और थाने की संयुक्त टीमें लगातार छानबीन कर रही हैं।
अपहरण से बरामदगी तक का घटनाक्रम
मंगलवार को तीनों बच्चियां अपने दादा को खेत में खाना देने गई थीं। लौटते समय एक संदिग्ध बाइक सवार उन्हें बगल के गांव की सीमा से उठा ले गया। वहीं, पास के खेत में काम कर रहे एक युवक ने यह घटना देखी और शोर मचाया। जब तक परिजन पहुंचे, आरोपी बाइक लेकर भाग चुका था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया।
करीब 6 घंटे बाद रामपुर पौटवा चौराहे से बच्चियों की बरामदगी हुई। एक ग्रामीण युवक ने देखा कि एक व्यक्ति प्लेटिना बाइक से आया और तीन बच्चियों को छोड़कर चला गया, जो रो रही थीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चियों को सकुशल परिजनों तक पहुंचाया। सीओ कसया ने बताया- परिजनों की तहरीर पर कप्तानगंज थाने में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी जल्द होगी।

इसे भी पढ़े : हाई वोल्टेज तार की चपेट में आकर बच्चे की मौत

Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply