Breaking News

गाजीपुर बॉर्डर पर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को रोके जाने से हंगामा, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

Bolta Sach News
|
Cabinet Minister at Ghazipur Border
बोलता सच,गाजियाबाद : दिल्ली से सटे गाजीपुर बॉर्डर पर उस वक्त सियासी तनाव देखने को मिला, जब उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया। मंत्री मेरठ जा रहे थे, जहां उन्हें सोनू कश्यप हत्याकांड में पीड़ित परिवार से मुलाकात करनी थी। पुलिस ने उनके काफिले को बॉर्डर पर रोकने के बाद उन्हें यूपी जल निगम के गेस्ट हाउस ले जाकर काफी देर तक ठहराए रखा।
सोनू कश्यप की जिंदा जलाकर की गई निर्मम हत्या को लेकर इलाके में पहले से ही भारी आक्रोश है। ऐसे में मंत्री के काफिले को रोके जाने से माहौल और गरमा गया। गाड़ी से उतरकर संजय निषाद ने पुलिस की कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी लिखित आदेश या ठोस कारण के उन्हें तीन घंटे से अधिक समय तक ‘हाउस अरेस्ट’ जैसी स्थिति में रखा गया।
मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से तीखे सवाल करते हुए पूछा कि आखिर किसके निर्देश पर एक कैबिनेट मंत्री को पीड़ित परिवार से मिलने से रोका जा रहा है। इस दौरान जहां अधिकारी स्थिति को संभालने की कोशिश करते नजर आए, वहीं मंत्री के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया।
मीडिया से बातचीत में संजय निषाद ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आज भी प्रशासन में सपा, बसपा और कांग्रेस की मानसिकता वाले अधिकारी मौजूद हैं, जो सरकार के कामकाज में बाधा डाल रहे हैं। मंत्री ने दावा किया कि ऐसे ही अधिकारियों की वजह से भाजपा को प्रदेश में 43 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने साफ कहा कि इस अपमान को वह बर्दाश्त नहीं करेंगे और पूरे मामले की रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृह मंत्री को सौंपेंगे।
सोनू कश्यप हत्याकांड को लेकर मंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए दोषियों के लिए फांसी की सजा की मांग की। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्हें मेरठ जाने की अनुमति नहीं दी। इस घटनाक्रम के बाद सरकार और प्रशासन के बीच टकराव खुलकर सामने आ गया है, जिस पर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

इसको भी पढ़ें : आईटीबीपी को मिला नया महानिदेशक, शत्रुजीत सिंह कपूर संभालेंगे कमान; प्रवीण कुमार बने बीएसएफ प्रमुख


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

3 thoughts on “गाजीपुर बॉर्डर पर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को रोके जाने से हंगामा, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप”

Leave a Reply

error: